आठ दिनों का अल्टीमेटम, मांग पूरी नहीं होने पर टाटा स्टील कंपनी का गेट जाम करने की चेतावनी
जमशेदपुर। भूमिज विद्रोह के महानायक और वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर भूमिज समुदाय के लोगों ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। इसी मांग को लेकर मंगलवार को सोनारी स्थित ट्राइबल कल्चर सेंटर के समक्ष समुदाय के लोगों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरने के माध्यम से प्रदर्शनकारियों ने टाटा स्टील प्रबंधन से जल्द से जल्द शहीद गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की मांग की।
धरने पर बैठे भूमिज समुदाय के लोगों ने कहा कि वर्ष 1832-33 में हुए ऐतिहासिक भूमिज विद्रोह में शहीद गंगा नारायण सिंह ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया था। उनका बलिदान और संघर्ष झारखंड के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानी और समाज के गौरव की स्मृति को सम्मान देने के लिए सोनारी स्थित ट्राइबल कल्चर सेंटर में उनकी प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, इस मांग को लेकर पूर्व में भी टाटा स्टील प्रबंधन के समक्ष कई बार आवाज उठाई गई है, लेकिन अब तक प्रतिमा स्थापित करने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इससे भूमिज समुदाय के लोगों में नाराजगी है।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने टाटा स्टील प्रबंधन को आठ दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर प्रतिमा स्थापना को लेकर सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो भूमिज समुदाय के लोग टाटा स्टील कंपनी के गेट को जाम कर जोरदार आंदोलन करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि शहीद गंगा नारायण सिंह को सम्मान दिलाने की मांग पूरी होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।












Leave a Reply