JHAHIN/2014/58773

नलगुंडा में किसान सभा के 36वें राष्ट्रीय सम्मेलन में एमएसपी अभियान का ऐलान, 26 नवंबर को होगा देशव्यापी महापड़ाव

Spread the love

सिल्ली। अखिल भारतीय किसान सभा के 36वें राष्ट्रीय सम्मेलन नलगुंडा, तेलंगाना में प्रतिनिधि सत्र की अध्यक्षता डॉ. अशोक ढावले ने की। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक ढावले ने कहा कि अन्नदाता किसानों पर अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर कृषि संकट व हमला बढ़ा है। उन्होंने कहा कि 12 वर्षों से मोदी सरकार किसान विरोधी कानून, भारत-अमेरिका व्यापार समझौता, बीज और बिजली विधेयक, मनरेगा का खात्मा, जबरन जमीन अधिग्रहण, 4 लेबर कोड, जल-जंगल-जमीन पर कॉरपोरेट कब्जा कर रही है। गत 30 वर्षों में 5 लाख से ज्यादा किसानों की आत्महत्या चिंता का विषय है। 13 माह के किसान आंदोलन के बाद तीन कृषि कानून रद्द हुए, लेकिन एमएसपी की गारंटी का लिखित आश्वासन आज तक लागू नहीं हुआ। सम्मेलन में 26 नवंबर को देशव्यापी किसान महापड़ाव और 1 से 7 जनवरी 2027 तक देशभर में एमएसपी अभियान चलाने का आह्वान किया गया। संयुक्त किसान मोर्चा नेता राकेश टिकैत, पुरुषोत्तम शर्मा, राजुला वैंकेया, करीम, शंकर घोष सहित अन्य नेताओं ने कहा कि आजादी के बाद सबसे किसान विरोधी सरकार मोदी सरकार है, जो सिर्फ कॉरपोरेट हित में काम कर रही है। महासचिव बीजू कृष्णन ने रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कहा कि किसान सभा का 1936 से 90 वर्षों का गौरवशाली इतिहास है। यह देश का सबसे बड़ा किसान संगठन है, जिसकी सदस्यता 1 करोड़ 56 लाख है। सम्मेलन 18 नवंबर तक चलेगा। इसमें झारखंड के महासचिव सुफल महतो, अध्यक्ष असीम सरकार, सुरजीत सिन्हा, प्रदीप गुड़िया सहित सभी राज्यों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!