JHAHIN/2014/58773

जमशेदपुर: उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न, घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

Spread the love

36 घंटे के निर्जला उपवास के बाद व्रतियों ने किया पारण, दोमुहानी घाट पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने पत्नी सुधा गुप्ता के साथ भगवान भास्कर को अर्पित किया अर्घ्य

जमशेदपुर। लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही श्रद्धा और भक्तिभाव के वातावरण में संपन्न हो गया। महापर्व के अंतिम दिन सुबह से ही जमशेदपुर के विभिन्न छठ घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के नदी घाटों से लेकर कृत्रिम छठ घाटों तक आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।

सुबह की पहली किरण के साथ ही व्रतियों ने नदी और तालाबों में खड़े होकर उगते हुए सूर्यदेव को दूध और पवित्र जल से अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की। घाटों पर गूंजते पारंपरिक छठ गीतों और सूर्यदेव के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भी भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज के कल्याण की प्रार्थना की।

चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत के अंतिम दिन व्रतियों ने 36 घंटे के निर्जला उपवास और कठिन तपस्या के बाद उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही छठी मैया की पूजा कर व्रत का समापन किया। अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने पारण किया और परिवार के सदस्यों एवं शुभचिंतकों के बीच प्रसाद वितरित किया।

वहीं, छठ महापर्व के अंतिम अनुष्ठान के अवसर पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता अपनी धर्मपत्नी सुधा गुप्ता के साथ सोनारी स्थित दोमुहानी घाट पहुंचे। यहां उन्होंने उदीयमान भगवान भास्कर की विधिवत पूजा-अर्चना की और अर्घ्य अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

चार दिनों तक चले इस महापर्व के समापन के साथ ही जमशेदपुर में छठ की रौनक और उल्लास के बीच लोक आस्था, सामाजिक एकता और पारंपरिक संस्कृति की सुंदर तस्वीर देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!