झाड़ग्राम (अशोक भद्र )। जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर रविवार को झाड़ग्राम जिले के बेलपहाड़ी अंतर्गत साहाड़ी फुटबॉल मैदान में आयोजित जनसभा से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जनजातीय समुदाय के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने आदिवासियों के जमीन के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, खाद्य सुरक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर सरकार की योजनाओं और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वनभूमि के पट्टे की मांग को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे लोगों में से राज्य के 770 लोगों को जमीन का मालिकाना हक सौंपा गया है। इसके साथ ही पूरे राज्य में 8 हजार मांझी बाबाओं को सम्मानित करने की पहल की गई है।
अपने संबोधन में उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर फर्जी एसटी प्रमाणपत्र जारी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी स्थिति में फर्जी एसटी प्रमाणपत्र जारी नहीं होने दिया जाएगा।
शिक्षा और सामाजिक विकास के संबंध में मुख्यमंत्री ने बताया कि छात्रावास अनुदान और छात्रवृत्ति की राशि बढ़ाई गई है। शिक्षाश्री योजना का लाभ भी अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने एनआरएस मेडिकल कॉलेज में विशेष सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना का भी उल्लेख किया।
खाद्य सुरक्षा के तहत लोधा , बिरहोर और टोटो जनजातियों की तर्ज पर अब शबर समुदाय के लोगों को भी राशन के अतिरिक्त विशेष खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की घोषणा की। वहीं, झाड़ग्राम जिले की आवास समस्या पर उन्होंने आश्वासन दिया कि जिले में अब कोई भी परिवार टीन, खपरैल या कच्चे मकान में रहने को मजबूर नहीं रहेगा।
मुख्यमंत्री ने झाड़ग्राम में आदिवासी विश्वविद्यालय स्थापित करने की योजना और जिले की अस्पतालों की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की बात भी कही। इसके अलावा लोकप्रसार कलाकार भत्ता से अब तक वंचित कलाकारों की सूची तैयार कर आगामी बजट में राशि आवंटित करने तथा भत्ते में वृद्धि का आश्वासन दिया।
सभा के अंत में उन्होंने शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने का भरोसा देते हुए कहा कि शिक्षित युवाओं को नौकरी दिलाने की जिम्मेदारी उनकी है।
साहाड़ी की इस जनसभा में मुख्यमंत्री ने जनजातीय समुदाय के अधिकारों और सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखते हुए कई घोषणाएं कीं।
झाड़ग्राम: जनजाति गौरव दिवस के मंच से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की कई बड़ी घोषणाएं













Leave a Reply