23 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 2500 जनजातीय कलाकारों का जुटान
जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में रविवार की शाम टाटा स्टील फाउंडेशन के प्रमुख जनजातीय सम्मेलन ‘संवाद-2026’ के 13वें संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। पांच दिवसीय इस आयोजन की विधिवत शुरुआत पारंपरिक रूप से जावा का अनावरण कर की गई। इसके बाद टाटा स्टील के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन ने सम्मेलन के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की।
इस दौरान 301 नगाड़ों की लयबद्ध और गूंजती ताल के साथ संवाद-2026 का आगाज हुआ। नगाड़ों की सामूहिक थाप ने पूरे गोपाल मैदान को जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के रंग में सराबोर कर दिया। यह आयोजन आदिवासी समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक ज्ञान, कला और जीवनशैली को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
इस वर्ष संवाद में देश के 23 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 2500 जनजातीय कलाकार एवं प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। पांच दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में विभिन्न जनजातीय समुदायों के कलाकार हर शाम गोपाल मैदान में तैयार किए गए विशाल मंच पर अपनी पारंपरिक लोककला, नृत्य, संगीत और सांस्कृतिक विरासत की प्रस्तुति देंगे।
संवाद-2026 के माध्यम से देशभर के आदिवासी समुदायों को अपनी पहचान, परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर को साझा करने का अवसर मिलेगा। पांच दिनों तक गोपाल मैदान में देश की विविध जनजातीय संस्कृतियों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।













Leave a Reply