झाड़ग्राम। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर रविवार को झाड़ग्राम जिले के बेलपहाड़ी थाना क्षेत्र स्थित साहाड़ी मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के हाथों वनाधिकार कानून के तहत वनभूमि का पट्टा और रिकॉर्ड ऑफ राइट्स (अधिकार अभिलेख) प्राप्त कर सिंधुरिया गांव के दो लाभार्थियों ने खुशी जाहिर की।
बिनपुर-2 ब्लॉक की भूलाभेदा ग्राम पंचायत अंतर्गत सिंधुरिया ग्रामसभा की ओर से सतपति मांडी और मालिनी मांडी को उनके कब्जे वाली वनभूमि का पट्टा प्रदान किया गया।
जानकारी के अनुसार, वनाधिकार अधिनियम-2006 के तहत 24 जून 2026 को सिंधुरिया ग्रामसभा का गठन किया गया था। इसके बाद जुलाई 2026 में झाड़ग्राम अनुमंडल स्तरीय समिति के अध्यक्ष एवं अनुमंडल प्रशासन , पीओ-कम-डीडब्ल्यूओ सहित अन्य संबंधित सदस्यों को इसकी सूचना भेजी गई। ग्रामसभा के माध्यम से सिंधुरिया गांव के कुल 14 लोगों को सूचीबद्ध कर पट्टा आवंटन की प्रक्रिया पूरी की गई।
पट्टा प्राप्त करने के बाद सतपति मांडी और मालिनी मांडी ने मुख्यमंत्री तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। बताया गया कि करीब 20 वर्षों बाद ग्रामसभा के माध्यम से कानून और पारंपरिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए इस तरह पट्टा वितरण की पहल की गई है।
वनाधिकार आंदोलन से जुड़ी सामाजिक कार्यकर्ता झरना आचार्य ने झाड़ग्राम जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम राज्य के अन्य जिलों के लिए भी उदाहरण बन सकता है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले जिला प्रशासन की पहल पर नयाग्राम की दो ग्रामसभाओं, कलमापुखुरिया पश्चिम और खासजंगल नलदाम के कुल 51 लोगों को भी ग्रामसभा के माध्यम से वनभूमि का पट्टा प्रदान किया गया था। झरना आचार्य ने प्रशासन की इस पहल को सराहनीय बताते हुए इसे आगे भी जारी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।













Leave a Reply