JHAHIN/2014/58773

झाड़ग्रामः 95 साल बाद याद किया गया 1931 का ऐतिहासिक आंदोलन, दांतन में वीरेंद्रनाथ शासमल को किया गया स्मरण

Spread the love

पश्चिम मेदिनीपुर। ओडिशा सीमा से सटे दांतन के इतिहास में 15 नवंबर 1931 की तारीख बांग्ला भाषा और बंगाली संस्कृति की अस्मिता की लड़ाई के लिहाज से विशेष महत्व रखती है। इसी दिन देशप्राण वीरेंद्रनाथ शासमल ने मेदिनीपुर विभाजन विरोधी आंदोलन के समर्थन में दांतन के कालीचंडी मैदान में आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया था। इस ऐतिहासिक घटना के 95 वर्ष बाद पहली बार दंडभुक्ति एकेडमी रिसर्च फाउंडेशन की पहल पर दांतन में उस दिन को याद करते हुए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

ऐतिहासिक जनसभा की स्मृतियों को जीवंत करने के लिए कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मंच पर लगे रंगीन बैनरों में लिखा था, ‘ओडिशा सीमा से लगे बंगाल में बांग्ला भाषा की गरिमा की रक्षा का दिन।‘ वहीं, सभागार के चारों ओर लगाए गए पोस्टरों में ‘बांग्ला भाषा के लिए पहला आंदोलन मेदिनीपुर में‘ और ‘दांतनवासियों के आत्मपरिचय की प्राप्ति का दिन‘ जैसे संदेश अंकित थे।

करीब तीन घंटे तक चले इस कार्यक्रम में बेलदा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. चंद्रशेखर हाजरा, दांतन मानव कल्याण केंद्र के सचिव सुभाशीष मेइकाप, प्रोफेसर सौमित्र बेरा, डॉ. सिद्धार्थ शंकर मिश्र, विश्वजीत पाल सहित दांतन, बेलदा, कांथी और गोपीबल्लभपुर से आए अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इतिहास के पन्नों पर नजर डालें तो 1930 के दशक में अविभाजित मेदिनीपुर के कांथी, दांतन, मोहनपुर, केशियाड़ी और गोपीबल्लभपुर जैसे क्षेत्रों को मेदिनीपुर से अलग कर ओडिशा में शामिल करने की मांग को लेकर आंदोलन शुरू हुआ था। इस मांग के समर्थन में ओडिशा पक्ष के अधिवक्ता भागवत चंद्र दास और गोदावरीश मिश्र जैसे प्रमुख लोगों ने अपने तर्क रखे थे। इसके विरोध में वीरेंद्रनाथ शासमल ने विभिन्न क्षेत्रों में जनसभाएं कर बांग्ला भाषा और बंगाली संस्कृति के पक्ष में जनमत तैयार किया। उस दौर में मेदिनीपुर विभाजन विरोधी आंदोलन व्यापक रूप ले चुका था। अंततः 1936 में ब्रिटिश सरकार ने साइमन ओ‘डॉनेल आयोग की रिपोर्ट के आधार पर सुवर्णरेखा नदी को बंगाल और ओडिशा के बीच प्राकृतिक सीमा के रूप में मान्यता दी।

हालांकि, वीरेंद्रनाथ शासमल के दांतन आगमन की सटीक तारीख 15 नवंबर 1931 अब तक इतिहास में दर्ज नहीं थी। हाल ही में क्षेत्रीय इतिहास के शोधकर्ता तथा आयोजन संस्था के सचिव संतु जाना ने इस ऐतिहासिक जनसभा से संबंधित प्रमाण खोज निकाला। उन्होंने करीब 5,500 सौ वर्ष पुराने ‘निहार‘ समाचार पत्रों के अंकों का अध्ययन कर इस महत्वपूर्ण तथ्य को सामने लाया। उनके इस शोध से स्थानीय इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय को नई पहचान मिली है।

इस अवसर पर ऐतिहासिक तथ्यों पर आधारित बुलेटिन ‘बैठक‘ का विमोचन किया गया। साथ ही कलाकार बरुण साहू ने उस ऐतिहासिक जनसभा की कल्पित तस्वीर को एक विशाल कैनवास पर उकेरकर अतीत की स्मृतियों को कलात्मक रूप दिया। कार्यक्रम में शोधकर्ता भास्करब्रत पति ने प्रथम वीरेंद्रनाथ शासमल स्मारक व्याख्यान प्रस्तुत किया। दंडभुक्ति एकेडमी की ओर से अध्यक्ष अनिल कुमार दास तथा उपाध्यक्ष उज्ज्वल माइती और झंटू दास ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!