झाड़ग्राम। आदिवासी बहुल जंगलमहल क्षेत्र में लोगों को कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से गोपीबल्लभपुर में मंगलवार को विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। झाड़ग्राम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में भारत जाकात माझी परगना महल के बेलाकाठिया मुलुक के सहयोग से छातिनाशोल स्थित ब्लॉक कार्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न आदिवासी गांवों के माझी बाबा और समाज के अन्य प्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं न्यायाधीश रिहा त्रिवेदी ने आदिवासी समुदाय के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की ‘संवाद योजना-2025’ की उपयोगिता समझाई। उन्होंने कहा कि इस पहल का मकसद दूरदराज के इलाकों में रहने वाले आदिवासियों, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों और घुमंतू समुदायों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से भूमि एवं वनाधिकार, जमीन से बेदखली, पुनर्वास और विभिन्न सरकारी दस्तावेजों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में मदद की जाती है। इसके अलावा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में भी सहायता दी जाती है।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के ऑफिस मास्टर सुब्रत बारिक ने नालसा की ‘दान योजना’ के बारे में बताया। अधिकार मित्र रीता दास दत्ता ने संताली भाषा में ग्रामीणों को संबोधित कर निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में जरूरतमंद लोग जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर सकते हैं।
वहीं, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अतिरिक्त जिला निरीक्षक आलोक माइति ने आदिवासी समुदाय के लिए उपलब्ध सरकारी सुविधाओं और अधिकारों की जानकारी दी। गोपीबल्लभपुर थाने के सब-इंस्पेक्टर अवनीकांत दास ने साइबर अपराध और ऑनलाइन वित्तीय ठगी से बचने के उपायों पर लोगों को जागरूक किया।
शिविर में ब्लॉक पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अतिरिक्त निरीक्षक महिन्न प्रसाद माइति, भारत जाकात माझी परगना महल के पूर्व जिला परगना ढांगा हांसदा, बेलाकाठिया मुलुक के मुलुक परगना सूर्य सोरेन सहित गोपीबल्लभपुर-1 ब्लॉक के करीब सौ आदिवासी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकार मित्र तारकेश्वर राणा और नीलकंठ घोड़ाई ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।













Leave a Reply