सिल्ली : राष्ट्रभक्त समूह सिल्ली की ओर से मंगलवार को कुटाम स्थित श्री श्री राधा रमण मंदिर परिसर में दीवाली मिलन समारोह ” एक शाम देश के जवानों के नाम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई पूर्व सैनिक शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिप उपाध्यक्ष वीणा चौधरी, उप प्रमुख आरती देवी, बीडीओ अनिल कुमार, पुर्व जिप सदस्य गौतम कृष्ण साहु, मुखिया सीमा कुमारी, ग्राम प्रधान गोवर्धन सिंह मुंडा, गुरुकुल के दास गदाधर प्रभु, अन्य आचार्य एवं अतिथियों ने पूर्व सैनिकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में देश की सेवा में पूर्व सैनिकों के त्याग, समर्पण और योगदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान प्रकट किया गया। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने भी अपने सैन्य जीवन के अनुभव साझा किए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिप उपाध्यक्ष वीणा चौधरी ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है। सैनिक अपना परिवार और सुख-सुविधाएं छोड़कर देश की सुरक्षा में दिन-रात तैनात रहते हैं। उनके त्याग, समर्पण और वीरता के कारण ही हम सभी सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना पाते हैं। पूर्व सैनिकों का सम्मान करना पूरे राष्ट्र का सम्मान करना है। बीडीओ ने कहा कि दीपावली जैसे पर्व को देश के जवानों के नाम समर्पित करना सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत होती है। कार्यक्रम का संचालन गोपाल केडिया एवं शिवशंकर प्रसाद ने किया। वहीं गुरुकुल परिसर में गोपाष्टमी का पर्व भी श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भागवत कथा, भजन-कीर्तन एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। इस मौके पर करुणावतार गौर प्रभु, बदरांगा दास प्रभु,कृष्णा महतो, राजु केडिया , गुरुकुल के आचार्य एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
दीवाली मिलन समारोह में पूर्व सैनिकों को किया सम्मानित, गोपाष्टमी पर भागवत कथा का आयोजन














