जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधी घाट पर शनिवार दोपहर जिउतिया (जीवित्पुत्रिका) व्रत के पावन अवसर पर हुआ हादसा आज सुबह एक बेहद दुखद अंत के साथ समाप्त हुआ। नदी के तेज बहाव में लापता हुई समता नगर निवासी संतोष ठाकुर की 13 वर्षीय बेटी पूनम कुमारी का शव आखिरकार आज रविवार सुबह बरामद कर लिया गया है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे समता नगर इलाके और पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
शनिवार दोपहर को हुआ था हादसा
गौरतलब है कि शनिवार को समता नगर की महिलाएं अपने बच्चों के साथ जिउतिया पर्व के पारंपरिक स्नान के लिए मानगो पुल के नीचे गांधी घाट पहुंची थीं मानगो पुलिस रेस्क्यू ऑपरेशन. हालिया मूसलाधार बारिश के चलते स्वर्णरेखा नदी उफान पर थी और उसका बहाव काफी आक्रामक था। स्नान करने के दौरान अचानक पैर फिसलने से दो सगी बहने गहरे पानी की ओर खिंची चली गईं। घाट पर मौजूद स्थानीय युवकों और गोताखोरों ने तुरंत नदी में छलांग लगाकर एक बच्ची को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन पूनम तेज धारा के साथ बह गई और मां की आंखों के सामने ही ओझल हो गई थी।
NDRF और गोताखोरों का मैराथन रेस्क्यू ऑपरेशन
शनिवार दोपहर से ही मानगो थाना पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था, लेकिन शाम ढलने और पानी के तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली मानगो पुलिस रेस्क्यू ऑपरेशन. आज रविवार सुबह तड़के राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम मोटर बोट और आधुनिक उपकरणों के साथ गांधी घाट पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और NDRF के जवानों ने नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 9:30 बजे घटनास्थल से कुछ दूरी पर बच्ची का शव पानी में तैरता हुआ मिला।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
शव के नदी से बाहर निकलते ही घाट पर मौजूद परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। संतान की लंबी उम्र और मंगल कामना के लिए रखे जाने वाले जिउतिया व्रत के दिन हुए इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को हमेशा के लिए छीन लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है।
















Leave a Reply