JHAHIN/2014/58773

नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के दूसरे बैच का शुभारंभ, सभी 200 सीटों पर नामांकन पूरा

Spread the love

पीजी की 20 सीटों पर भी इसी वर्ष शुरू होगी पढ़ाई, देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे विद्यार्थियों का हुआ स्वागत

सरायकेला: आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बुधवार को एमबीबीएस के दूसरे बैच का विधिवत शुभारंभ किया गया। नए शैक्षणिक सत्र के लिए कॉलेज की सभी 200 सीटों पर नामांकन पूरा हो चुका है। देश के विभिन्न राज्यों से चिकित्सा शिक्षा ग्रहण करने पहुंचे छात्र-छात्राओं के स्वागत के साथ नए सत्र की शुरुआत हुई। इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की। उपायुक्त ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से विद्यार्थी चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के लिए यहां पहुंचे हैं। उन्हें संस्थान में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलने की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी भविष्य में कुशल चिकित्सक बनकर देश और समाज की सेवा करेंगे।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर संस्थानों की स्थापना से विद्यार्थियों को नए अवसर मिलते हैं। साथ ही क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की संभावनाएं भी मजबूत होती हैं। इस मौके पर सितवांतो देवी महिला कल्याण समिति के सचिव एवं नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने नए बैच के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल चिकित्सक तैयार करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन और मानवीय संवेदनाओं का विकास करना भी है। चिकित्सा का पेशा सीधे मानव जीवन से जुड़ा हुआ है। इसलिए विद्यार्थियों को शैक्षणिक दक्षता के साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज पूरी तरह रैगिंग मुक्त संस्थान है। यहां विद्यार्थियों को भयमुक्त, अनुशासित और सहयोगपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। संस्थान प्रबंधन गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के साथ आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन, अनुशासन और समर्पण के साथ पढ़ाई करने तथा संस्थान की गरिमा बनाए रखने की अपील की।

पीजी की 20 सीटों पर भी शुरू होगी पढ़ाई

करीब दो वर्ष पूर्व स्थापित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विस्तार की दिशा में आगे बढ़ रहा है। एमबीबीएस के दूसरे बैच की पढ़ाई शुरू होने के साथ ही संस्थान में स्नातकोत्तर (पीजी) चिकित्सा शिक्षा की तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। संस्थान प्रबंधन के अनुसार, इसी वर्ष पीजी पाठ्यक्रम के लिए 20 सीटों की अनुमति प्राप्त हुई है। जल्द ही इन सीटों पर पढ़ाई शुरू करने की योजना है। इसके लिए आवश्यक शैक्षणिक और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर कॉलेज परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। पहले बैच के छात्र-छात्राओं ने नए विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। विभिन्न राज्यों से पहुंचे विद्यार्थियों ने अपने नए शैक्षणिक सफर की शुरुआत की। संस्थान प्रबंधन ने बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

error: Content is Twister !!