रांची। आदिवासी नेता निशा भगत की मौत के मामले में सीबीआई की टीम ने करीब सात घंटे तक अजय तिर्की के राँची के पहाड़ी टोला स्थित आवास पर छानबीन की।
इस दौरान सीबीआई के अधिकारियों ने अजय तिर्की के फोन, दस्तावेज अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण भी खंगाले हैं। सीबीआई के अधिकारियों ने तिर्की से लंबी पूछताछ की है। बताया कि जांच एजेंसी ने कई चीजें जब्त की हैं, इसमें कुछ दस्तावेज भी हो सकते हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर कोई ब्योरा सामने नहीं आया है।
छानबीन के दौरान जांच एजेंसी के अधिकारियों ने घर के सदस्यों के फोन भी अपने पास ले लिए थे, तिर्की के आवास के बाहर देर रात तक मीडियाकर्मी जमे रहे, बाहर में पुलिस के दो जवान भी लगातार तैनात हैं। रात लगभग 11.16 बजे सीबीआई की टीम अजय तिर्की के घर से बाहर निकलती दिखी।
6 नवंबर को पिठौरिया थाना क्षेत्र स्थित डहू टोली में अपने आवास पर निशा भगत ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इससे पहले वह फेसबुक लाइव पर आई थीं। लाइव में रोते हुए निशा ने अपनी परेशानी साझा की थीं, लाइव वीडियो में उन्होंने जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों पर कथित तौर पर प्रताड़ना और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।













Leave a Reply