चक्रधरपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने सोमवार को चक्रधरपुर मंडल के जरोली -राजखारसवां रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल परिचालन की सुरक्षा, आधारभूत संरचनाओं की स्थिति और चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण की शुरुआत सुबह 7:30 बजे जरोली स्टेशन से हुई। इसके बाद महाप्रबंधक ने जेआरएलआई-आरकेएसएन रेलखंड का निरीक्षण कर रेलवे ट्रैक, संरचनाओं और परिचालन से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे बुनियादी ढांचे के विकास और यात्री सुविधाओं से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने तथा रेलवे के निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
महाप्रबंधक के साथ दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। वहीं, चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम और संबंधित विभागों के शाखा अधिकारियों ने जेआरएलआई स्टेशन पर निरीक्षण में हिस्सा लिया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के निरीक्षण का उद्देश्य जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का आकलन करना, चल रही परियोजनाओं की समीक्षा करना और आवश्यक सुधार के क्षेत्रों की पहचान करना है, ताकि रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और सुचारु बनाने के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।













Leave a Reply