JHAHIN/2014/58773

दुमकाः आस्था के महापर्व माहमोड़े और काराम पूजा में उमड़ा जनसैलाब, परंपरा के रंग में रंगा पूरा क्षेत्र

Spread the love

पांच वर्षों में आयोजित होती है माहमोड़े पूजा, ग्रामीणों और मवेशियों के कल्याण की कामना, काराम डाली की पूजा-अर्चना के साथ गीत-संगीत और पारंपरिक नृत्य ने बांधा समां

दुमका(संतोष झा)। संताल आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्रकृति के प्रति आस्था और सामूहिक एकजुटता की अनूठी झलक बुधवार को दुमका प्रखंड के लेटो गांव में देखने को मिली। यहां पारंपरिक माहमोड़े पूजा और काराम पूजा पूरे विधि-विधान एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। धार्मिक अनुष्ठानों में पूरे गांव के महिला, पुरुष, बुजुर्ग और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक गीत-संगीत, नृत्य और पूजा-अर्चना से पूरा गांव भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।

पांच वर्षों में होती है माहमोड़े पूजा, गांव की खुशहाली की कामना

संताल समाज की प्राचीन परंपरा के अनुसार माहमोड़े पूजा प्रत्येक पांच वर्ष में आयोजित की जाती है। इसका उद्देश्य गांव के लोगों की सुख-शांति, सामूहिक सुरक्षा और पालतू मवेशियों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना करना है। ग्रामीणों की मान्यता है कि इस पूजा से गांव को महामारी, बीमारियों और प्राकृतिक विपत्तियों से सुरक्षा मिलती है।

इसी परंपरा के तहत लेटो गांव के मांझी थान और जाहेर थान में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार मांझी थान में पाठा तथा जाहेर थान में बकरी की बलि दी गई। पूजा के बाद प्रसाद ग्रामीणों के बीच वितरित किया गया।

काराम डाली की पूजा में दिखा प्रकृति वंदना का स्वरूप

गांव की समृद्धि, अच्छी फसल, धन-संपत्ति और मवेशियों की वृद्धि की कामना के साथ काराम पूजा भी श्रद्धापूर्वक की गई। काराम गुरु बाबा सोने बास्की के नेतृत्व में ग्रामीण पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप और नृत्य-गीत के बीच जंगल से काराम पेड़ की पवित्र डाली लेकर गांव पहुंचे। इसे मांझी थान के समीप स्थापित कर बगल में करमा ठीली रखकर पूजा की गई।

इस दौरान काराम गुरु बाबा सोने बास्की ने पारंपरिक गीतों के माध्यम से मानव सृष्टि की उत्पत्ति और संसार की रचना से जुड़ी लोक मान्यताओं का वर्णन किया। महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर सूप में धान, दूबी घास, भेलाजा घास, सिंदूर, काजल, सरसों तेल और दीपक लेकर पूजा स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने पारंपरिक रीति से काराम डाली का चुमड़ा कर सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

सामूहिक भागीदारी ने मजबूत की सांस्कृतिक एकजुटता

माहमोड़े और काराम पूजा के आयोजन ने संताल समाज की धार्मिक आस्था के साथ उसकी सांस्कृतिक एकता और प्रकृति से जुड़ाव को भी प्रदर्शित किया। आयोजन में सुनील टुडू, सोहराय टुडू, दुर्गा मरांडी, सोम किस्कू, काहा मरांडी, जोमोल मरांडी, कार्तिक मरांडी, रामजीत टुडू, मनोज मरांडी, अनिल टुडू, फिरोज टुडू, सुनिराम टुडू, बाबुधन मरांडी, लुखिराम टुडू, प्रेम मरांडी, गणेश मरांडी, मलोती हांसदा, मकलू किस्कू, मोनी हांसदा, प्रेमलता मुर्मू, पूनम सुनीता हांसदा, मेरीनीला मुर्मू, लुखी सोरेन, बहामुनी टुडू, होपोंटी किस्कू और मुन्नी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!