JHAHIN/2014/58773

40वां जमशेदपुर पुस्तक मेला 20 नवंबर से, 70 स्टॉलों पर मिलेगा देशभर की पुस्तकों का खजाना

Spread the love

10 दिनों तक रवीन्द्र भवन परिसर में सजेगी साहित्य की दुनिया, स्कूली विद्यार्थियों के बीच बांटे गए 30 हजार से अधिक निःशुल्क प्रवेश पास

जमशेदपुर। शहर के साहित्य प्रेमियों और पुस्तक पाठकों के लिए अच्छी खबर है। टैगोर सोसाइटी के तत्वावधान में 40वें जमशेदपुर पुस्तक मेले का आयोजन 20 से 29 नवंबर 2026 तक रवीन्द्र भवन परिसर में किया जाएगा। दस दिनों तक चलने वाले इस पुस्तक मेले में देश के विभिन्न शहरों के प्रतिष्ठित प्रकाशक, पुस्तक विक्रेता और वितरक हिस्सा लेंगे। इस वर्ष मेले में करीब 70 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां पाठकों के लिए अलग-अलग विषयों और भाषाओं की पुस्तकों का विशाल संग्रह उपलब्ध होगा।

पुस्तक मेले का उद्घाटन पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन करेंगे। वहीं राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) के निदेशक संदीप घोष चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में टैगोर सोसाइटी के महासचिव सुदीप बासु ने बताया कि जमशेदपुर पुस्तक मेला अब शहर के प्रमुख वार्षिक साहित्यिक आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। इसकी सफलता में शहरवासियों, कॉरपोरेट घरानों, शैक्षणिक संस्थानों और साहित्यिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और पटना समेत देश के विभिन्न शहरों से प्रकाशक अपनी नवीनतम पुस्तकों के साथ मेले में पहुंचेंगे।

हिंदी, अंग्रेजी से लेकर जनजातीय भाषाओं की पुस्तकें होंगी उपलब्ध

इस वर्ष पुस्तक मेले में हिंदी, अंग्रेजी, बांग्ला, उर्दू और गुरुमुखी के अलावा संथाली, हो एवं कुड़माली जैसी क्षेत्रीय और जनजातीय भाषाओं की पुस्तकें भी उपलब्ध रहेंगी। साहित्य, शिक्षा, विज्ञान, इतिहास, संस्कृति और बाल साहित्य समेत विभिन्न विषयों की पुस्तकों का संग्रह पाठकों को आकर्षित करेगा।

विद्यार्थियों के लिए होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं

पुस्तक मेले में विद्यार्थियों और युवा पाठकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न दिनों में क्विज, वाद-विवाद, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, ज्ञान और संवाद कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

आम लोगों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रवेश टिकट का मूल्य पिछले वर्ष के समान रखा गया है। वहीं, स्कूली विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करने के उद्देश्य से 30 हजार से अधिक निःशुल्क प्रवेश पास वितरित किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!