JHAHIN/2014/58773

दुमकाः आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल 34वें दिन भी जारी, एक एजेंसी के कर्मियों ने खत्म किया आंदोलन

Spread the love

 कमांडो इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स के सफाई कर्मियों ने बकाया भुगतान और लिखित सहमति के बाद काम पर वापसी की

दुमका। पारा मेडिकल स्टाफ एसोसिएशन के नेतृत्व में दुमका जिले के आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मियों का अनिश्चितकालीन आंदोलन 34वें दिन भी जारी रहा। विगत 17 अक्टूबर से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे कर्मियों के बीच से एक बड़ा अपडेट सामने आया है। आउटसोर्सिंग एजेंसी कमांडो इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स ने अपने अधीन कार्यरत सफाई कर्मियों के सभी बकाया वेतन का भुगतान कर दिया है। साथ ही एजेंसी के हजारीबाग कार्यालय द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को पत्र जारी कर पूर्व सहमति के अनुसार माह में 15 से 19 कार्यदिवस और प्रतिदिन 8 घंटे ही रोटेशन के आधार पर सेवा लेने का आग्रह किया गया है।

हालांकि न्यूनतम मजदूरी दर, ईपीएफ, ईएसआईसी, बोनस और छुट्टी जैसी बुनियादी मांगों पर अभी तक कोई समझौता नहीं हो सका है। इसके बावजूद मानवता को ध्यान में रखते हुए कमांडो इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स से जुड़े सभी सफाई कर्मी काम पर वापस लौट गए हैं। दूसरी ओर शिवा प्रोटेक्शन फोर्स, बालाजी डिटेक्टिव फोर्स, बिरसा सिक्योरिटी एंड सर्विस सेटेलमेंट और बीएमआर सिक्योरिटी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के अधीन कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल बदस्तूर जारी है।

कर्मियों का आरोप है कि इन शेष एजेंसियों ने न तो सिविल सर्जन दुमका के नोटिस का कोई लिखित या मौखिक जवाब दिया है और न ही जिला प्रशासन और डीडीसी के तीन दिनों के भीतर समस्या समाधान करने के निर्देशों का पालन किया है। पारा मेडिकल स्टाफ एसोसिएशन के अध्यक्ष रामवृक्ष महतो ने आरोप लगाया कि आउटसोर्स एजेंसियां जिला प्रशासन और उपायुक्त के आदेशों को भी ठेंगा दिखा रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि इन एजेंसियों को किसी रसूखदार व्यक्ति का संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण ये कर्मियों का शोषण कर सरकार की छवि को धूमिल कर रही हैं। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि जिला प्रशासन ने इन एजेंसियों पर त्वरित और कड़ी कार्रवाई नहीं की, तो संगठन उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!