खड़गपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’ के तहत तत्परता दिखाते हुए घर से नाराज होकर निकले 13 वर्षीय बालक को सुरक्षित बचाकर उसके परिजनों के हवाले कर दिया। बालक झारखंड के जमशेदपुर से ट्रेन में सवार होकर हावड़ा जिले के रामराजातला रेलवे स्टेशन पहुंचा था।
आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे रामराजातला रेलवे स्टेशन पर विशेष बाल बचाव अभियान के दौरान आरपीएफ जवानों की नजर प्लेटफॉर्म संख्या-1 और 2 पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक किशोर पर पड़ी। पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर का रहने वाला है। मां के साथ विवाद होने के बाद वह नाराज होकर घर से निकल गया था। इसके बाद जमशेदपुर से ट्रेन पकड़कर रामराजातला स्टेशन पहुंचा।
आरपीएफ जवानों ने बालक को अपने संरक्षण में लेकर टीकियापाड़ा स्थित आरपीएफ पोस्ट पहुंचाया। वहां उसे भोजन, जलपान और आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराई गई। इसके बाद स्कूल प्रशासन और बालक के परिजनों से संपर्क किया गया। जांच के दौरान उसकी पहचान और पारिवारिक विवरण की पुष्टि की गई।
19 नवंबर को हावड़ा रेलवे स्टेशन पर चाइल्ड हेल्पलाइन और जिला बाल संरक्षण इकाई के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालक को उसके बड़े चाचा को सौंप दिया गया।
आरपीएफ ने परिजन को बालक की उचित देखभाल, सुरक्षा और शिक्षा सुनिश्चित करने तथा भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति रोकने की सलाह दी। ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’ के तहत आरपीएफ की इस कार्रवाई से एक नाबालिग को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जा सका।













Leave a Reply