JHAHIN/2014/58773

दाल-सब्जी के विवाद ने ली बेटे की जान, हत्या के आरोप में माता-पिता और भाई गिरफ्तार

Spread the love

 हंसडीहा के सिलठा गांव में खूनी संघर्ष, पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुदाल बरामद कर तीनों आरोपियों को भेजा जेल

सरैयाहाट। रामगढ़ प्रखंड स्थित हंसडीहा थाना क्षेत्र के सिलठा गांव में हुए चर्चित महेश मांझी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के पिता गोवर्धन मांझी (55), मां फूलो देवी (50) और भाई कार्तिक मांझी (34) को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

शुक्रवार को हंसडीहा थाना परिसर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव ने पूरे मामले की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त कुदाल समेत वारदात से जुड़े अन्य अहम सबूत भी जब्त किए हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

क्या था पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, सिलठा गांव में भोजन में दाल और सब्जी नहीं मिलने पर महेश मांझी अपनी मां फूलो देवी पर भड़क गया था। इसी मामूली बात को लेकर घर में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर महेश ने अपनी मां के साथ मारपीट शुरू कर दी और परोसा हुआ खाना भी फेंक दिया।

विवाद को बढ़ता देख पिता गोवर्धन मांझी अपना आपा खो बैठे और उन्होंने पास रखे कुदाल से महेश के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण महेश की मौके पर ही मौत हो गई। इस खूनी वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई थी।

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

इस पूरे मामले के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम में जरमुंडी एसडीपीओ नवल किशोर सिंह, हंसडीहा थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव, अनुसंधानकर्ता दिलीप हांसदा, जिम्मी हांसदा, हवलदार सिमोन सोरेन, विनोद उरांव और अमरेंद्र कुमार यादव मुख्य रूप से शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!