JHAHIN/2014/58773

ऑपरेशन अमानत के तहत आरपीएफ ने लौटाया 1.37 लाख रुपये का सामान, लैपटॉप और दो मोबाइल फोन बरामद

Spread the love

खड़गपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने ऑपरेशन ‘अमानत’ के तहत तत्परता दिखाते हुए यात्रियों के छूटे हुए कीमती सामान को बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। इस दौरान एक लैपटॉप और दो मोबाइल फोन सहित करीब 1.37 लाख रुपये मूल्य का सामान सुरक्षित वापस किया गया।

आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर को रेल मदद पर मिली शिकायत के आधार पर संतरागाछी आरपीएफ की टीम ने ट्रेन संख्या 20872 के कोच सी-12 में छूटे बैग की तलाश शुरू की। बैग में लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 92 हजार रुपये बताई गई। जांच के दौरान संतरागाछी यार्ड में ट्रेन का खाली रैक मिलने पर बैग बरामद कर आरपीएफ पोस्ट में सुरक्षित रखा गया। 19 नवंबर को पहचान और स्वामित्व की पुष्टि के बाद बैग शिकायतकर्ता को सौंप दिया गया।

इसी तरह, 18 नवंबर को ट्रेन संख्या 12813 के झाड़ग्राम रेलवे स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ जवानों ने कोच सी-4 से एक लावारिस मोबाइल फोन बरामद किया। करीब 22 हजार रुपये मूल्य के इस फोन को सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया। अगले दिन आवश्यक सत्यापन के बाद इसे पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशियाड़ी निवासी उसके मालिक को सौंप दिया गया।

एक अन्य मामले में 18 नवंबर को ट्रेन संख्या 12660 के रवाना होने के बाद शालीमार आरपीएफ की टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या-1 से गोल्डन रंग का रेडमी नोट-12 मोबाइल फोन बरामद किया। करीब 23 हजार रुपये मूल्य के इस मोबाइल को 19 नवंबर को उचित पहचान और सत्यापन के बाद उसके मालिक को वापस कर दिया गया।

अपना खोया हुआ कीमती सामान वापस पाकर यात्रियों ने आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई और सहयोग की सराहना करते हुए जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया। ऑपरेशन ‘अमानत’ के तहत आरपीएफ की इस पहल से यात्रियों के सामान की सुरक्षा के प्रति रेलवे सुरक्षा बल की तत्परता एक बार फिर सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!