दुमका। एस. पी. कॉलेज, दुमका के बी.एड. पाठ्यक्रम की मान्यता को लेकर चल रही तमाम अटकलों और भ्रांतियों पर विराम लग गया है। राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद से पाठ्यक्रम को विधिवत मान्यता मिलने की खुशी में महाविद्यालय के मिनी कॉन्फ्रेंस हॉल में एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस संवाद का मुख्य लक्ष्य आम लोगों, विद्यार्थियों और अभिभावकों तक मान्यता से जुड़े प्रामाणिक तथ्य पहुंचाना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय की बी.एड. समन्वयक डॉ. अमिता कुमारी ने की। इस मौके पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के. पी. यादव ने इसे संस्थान के लिए एक बड़ी शैक्षणिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस मान्यता से शिक्षक शिक्षा के क्षेत्र में कॉलेज की साख और मजबूत होगी तथा छात्रों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संस्थान या कोर्स के बारे में केवल आधिकारिक दस्तावेजों और सही स्रोतों पर ही भरोसा करें, अफवाहों पर ध्यान न दें।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. कुमार सौरभ ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में पारदर्शिता बेहद जरूरी है और मीडिया समाज व संस्थानों के बीच एक मजबूत कड़ी का काम करता है। इस दौरान पत्रकारों के सवालों के जवाब देकर मान्यता से जुड़े हर पहलू को स्पष्ट किया गया।
इस अवसर पर बी.एड. विभाग के सभी शिक्षकगण, डॉ. इंद्रजीत कुमार और डॉ. समुएल किस्कू विशेष रूप से मौजूद रहे। अंत में कॉलेज प्रशासन ने दोहराया कि संस्थान शिक्षा की गुणवत्ता, पारदर्शिता और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह समर्पित है।













Leave a Reply