JHAHIN/2014/58773

हजारीबाग: पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में गैंगस्टर तुषार मिश्रा को लगी गोली

Spread the love

हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में शुक्रवार देर रात एक बड़ी घटना सामने आई। राहुल दुबे गैंग से जुड़े कुख्यात अपराधी तुषार मिश्रा ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए गोली चलाई, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। घायल अपराधी को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, तुषार मिश्रा को कोर्रा थाना क्षेत्र के एक इंटरनेशनल होटल में हुई फायरिंग के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस उसे पूछताछ के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान देर रात उसने पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भागने की कोशिश की।

पुलिस ने उसे रुकने के लिए चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं रुका और भागता रहा। जिसके बाद पुलिस को मजबूरन गोली चलानी पड़ी। गोली उसके पैर में लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया।

हजारीबाग के एसपी अमन कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अपराधी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों की सतर्कता के कारण उसे पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि तुषार मिश्रा पर कई गंभीर मामले दर्ज हैं और वह राहुल दुबे गैंग का सक्रिय सदस्य है।

बताया जा रहा है कि होटल में फायरिंग की घटना में तुषार मिश्रा की संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि होटल में फायरिंग के पीछे का मकसद क्या था और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल थे।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने अस्पताल में सुरक्षा बढ़ा दी है। वहीं, पुलिस की इस कार्रवाई की लोग सराहना भी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!