खड़गपुर। आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों के जान बचाने और प्राथमिक चिकित्सा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, खड़गपुर की ओर से शनिवार को एमडीजेडटीआई (सिस्टम ट्रेनिंग स्कूल), खड़गपुर में व्यापक सीपीआर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस), सीपीआर की व्यावहारिक तकनीकों तथा सर्पदंश की स्थिति में दी जाने वाली प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी, स्वयंसेवक और आम लोग शामिल हुए।
सुबह 10 बजे शुरू हुए पहले सत्र में कनाडा के मैकमास्टर विश्वविद्यालय के डॉ. तपस मंडल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अचानक हृदय गति रुकने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर सीपीआर और बेसिक लाइफ सपोर्ट दिए जाने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही समय पर की गई प्राथमिक चिकित्सा किसी व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
वहीं, दोपहर 2:30 बजे आयोजित दूसरे सत्र में सर्पदंश प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. समरेंद्र नाथ राय ने सांप के काटने की स्थिति में अपनाए जाने वाले उचित प्राथमिक उपचार और तत्काल चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता के बारे में प्रतिभागियों को जानकारी दी। आयोजकों ने कहा कि सीपीआर, प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन उपचार की बुनियादी जानकारी आम लोगों के लिए भी बेहद जरूरी है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से लोग संकट की घड़ी में घबराने के बजाय सही तरीके से प्राथमिक सहायता देने में सक्षम बन सकते हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से संगठन ने अपने आदर्श वाक्य ‘मानवता के माध्यम से शांति‘ (Through Humanity to Peace) के संदेश को आगे बढ़ाते हुए समाज में जीवनरक्षक कौशल के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया।













Leave a Reply