जमशेदपुर। शहर के बहुप्रतीक्षित 40वें जमशेदपुर पुस्तक मेले के पहले दिन बारिश ने आयोजन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। शुक्रवार को लगातार बारिश के कारण पुस्तक मेले में अपेक्षाकृत कम रौनक देखने को मिली और महज पांच स्टॉल ही खुल सके। हालांकि, खराब मौसम के बावजूद पाठकों में किताबों को लेकर उत्साह कम नहीं दिखा। खासकर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव‘ को लेकर पाठकों में खास दिलचस्पी रही। पुस्तक मेले में वूडपीकर प्रकाशन के स्टॉल पर उपलब्ध इस किताब के बारे में पाठक लगातार पूछताछ करते नजर आए। स्थिति यह रही कि महज एक घंटे के भीतर इसकी सात प्रतियां बिक गईं।
पुस्तक खरीदने पहुंचे रंजीत कुमार ने बताया कि सोनिया गांधी की इस आत्मकथा को लेकर पूरे देश में चर्चा हो रही है। ऐसे में उनके निजी जीवन और अनुभवों के बारे में जानने की उत्सुकता हुई, जिसके कारण वह पुस्तक खरीदने पहुंचे। पुस्तक की कीमत 1299 रुपये निर्धारित है, जिस पर मेले में 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।
वहीं, वूडपेकर प्रकाशन के प्रशांत हलधर ने बताया कि बारिश के कारण पहले दिन पाठकों की संख्या प्रभावित हुई, लेकिन इसके बावजूद सोनिया गांधी की पुस्तक को लेकर काफी पूछताछ हो रही है। पाठकों में इसे पढ़ने की विशेष उत्सुकता दिखाई दे रही है। उल्लेखनीय है कि नवंबर 2026 में प्रकाशित इस आत्मकथा में सोनिया गांधी ने अपने निजी जीवन, परिवार और भारत में बिताए छह दशकों के अनुभवों को साझा किया है।
शुक्रवार को बारिश के कारण अधिकांश प्रकाशकों के स्टॉल तैयार नहीं हो सके थे। केवल पांच स्टॉल ही पाठकों के लिए खुले थे। आयोजकों के अनुसार, शनिवार से पुस्तक मेले के सभी 67 स्टॉलों पर किताबें सज जाएंगी और पाठक अपनी पसंद की पुस्तकों की खरीदारी कर सकेंगे।













Leave a Reply