एग्रीको ट्रांसपोर्ट मैदान में होगा एक दिवसीय आयोजन, मुख्य अतिथि के रूप में बाबा रामदेव के शामिल होने की संभावना
जमशेदपुर। पतंजलि योग महिला समिति की ओर से 22 नवंबर को एग्रीको ट्रांसपोर्ट मैदान में एक दिवसीय महिला महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में योग गुरु बाबा रामदेव के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन में योग के माध्यम से परिवार को स्वस्थ रखने, दिनचर्या में योग को शामिल करने और महिला सशक्तीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
महासम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को योग के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित करना है। सम्मेलन में इस बात पर विशेष रूप से मंथन होगा कि महिलाएं घर-परिवार और कामकाज की व्यस्त दिनचर्या के बीच योग के लिए समय कैसे निकालें और अपने परिवार के सदस्यों को भी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए कैसे प्रेरित करें।
इसके अलावा योग के माध्यम से बीमारियों से बचाव, स्वस्थ समाज के निर्माण और दुनिया को निरोग बनाने में महिलाओं की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि महिला किसी भी परिवार और समाज की नींव होती है। यदि महिलाएं जागरूक, सशक्त और स्वस्थ होंगी तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ेगा।महिला महासम्मेलन के माध्यम से महिलाओं को योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया जाएगा।













Leave a Reply