JHAHIN/2014/58773

झाड़ग्रामः तीन ब्लॉकों में जनऔषधि केंद्र नहीं, सभी ब्लॉकों में स्थापना की उठी मांग

Spread the love

झाड़ग्राम। सस्ती दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पश्चिम बंगाल के सभी ब्लॉकों में प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र खोलने की मांग उठी है। इस संबंध में जंगलमहल स्वराज मोर्चा ने राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री को ई-मेल के जरिए आवेदन भेजकर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है।
मोर्चा ने अपने आवेदन में केंद्र सरकार के प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया है कि 30 जून 2026 तक राज्य में कुल 1,014 जनऔषधि केंद्र संचालित थे। राज्य के 345 ब्लॉकों में से 217 में 715 केंद्र उपलब्ध हैं, जबकि 128 ब्लॉक अब भी इस सुविधा से वंचित हैं। झाड़ग्राम जिले की स्थिति पर चिंता जताते हुए संगठन ने बताया कि जिले के आठ ब्लॉकों में से बिनपुर-2, गोपीबल्लभपुर-2 और जामबनी में अब तक एक भी जनऔषधि केंद्र नहीं खुला है। इसके कारण इन क्षेत्रों के लोगों को कम कीमत पर जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराने वाली इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
संगठन के मुताबिक, जनऔषधि केंद्रों पर 2,110 प्रकार की दवाओं के अलावा 315 प्रकार की सर्जिकल सामग्री और चिकित्सा संबंधी उपकरण उपलब्ध हैं। इनकी कीमत ब्रांडेड उत्पादों की तुलना में 50 से 80 प्रतिशत तक कम है। इससे आम परिवारों पर इलाज के खर्च का बोझ कम हो सकता है।
जंगलमहल स्वराज मोर्चा ने राज्य के प्रत्येक ब्लॉक में कम से कम एक जनऔषधि केंद्र स्थापित करने की मांग की है। साथ ही स्थानीय युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और सहकारी समितियों को केंद्र खोलने के लिए प्रोत्साहित करने तथा आवेदन और लाइसेंस संबंधी प्रक्रियाओं में प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का सुझाव दिया है। संगठन ने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!