मेदिनीपुर। मेदिनीपुर शहर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में बाल दिवस के अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘बाल धमाल’ का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और बच्चों के साथ रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर किया गया। सुबह से ही विद्यालय परिसर गीत, संगीत, नृत्य और हास्य प्रस्तुतियों से गुलजार रहा। नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे परिधानों में सजे-धजे होकर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिम मेदिनीपुर के विधायक डॉ. शंकर कुमार गुच्छाईत उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथियों में मेदिनीपुर नगरपालिका के चेयरमैन सौमेन खान, समाजसेवी मदन मोहन माइती , चिकित्सक डॉ. एस.एन. त्रिपाठी तथा मेदिनीपुर कॉलेज के भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. तनुश्री पाल सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। विद्यालय के प्राचार्य एन.के. गौतम ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना की। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों की ओर से तैयार विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडल प्रदर्शनी रही। इसमें बच्चों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक कौशल का परिचय दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी के बीच कार्यक्रम का समापन हुआ।













Leave a Reply