झाड़ग्राम। दुर्गापूजा के दौरान महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर झाड़ग्राम जिला पुलिस ने विशेष पहल करते हुए शुक्रवार को ‘दुर्गा वाहिनी’ का गठन किया। पूजा के दौरान महिलाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गठित यह विशेष महिला पुलिस दस्ता जिले के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और पूजा मंडपों के आसपास लगातार निगरानी रखेगा।
झाड़ग्राम के पांचमाथा मोड़ पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला, जिलाधिकारी आकांक्षा भास्कर, मंत्री सह विधायक राजेश महतो, विधायक अमिय किस्कू, झाड़ग्राम के विधायक लक्ष्मीकांत साउ सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में ‘दुर्गा वाहिनी’ का औपचारिक शुभारंभ किया गया। फीता काटने और हरी झंडी दिखाकर महिला पुलिसकर्मियों के इस विशेष दस्ते को रवाना किया गया।
पुलिस के अनुसार, हाल के दिनों में जिले में महिलाओं से जुड़ी कुछ घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। पूजा के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए ‘दुर्गा वाहिनी’ विशेष रूप से सक्रिय रहेगी। महिलाओं से छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार, छिनतई और अन्य तरह की परेशानी पर तत्काल कार्रवाई के साथ संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पूजा के दौरान महिलाएं और युवतियां बिना किसी भय के घर से निकलकर पूजा घूम सकें और उत्सव का आनंद उठा सकें।














Leave a Reply