JHAHIN/2014/58773

सरायकेला: डांडिया उत्सव में जा रहे संत फ्रांसिस स्कूल के छात्र को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत

Spread the love

सरायकेला। सरायकेला-राजनगर बायपास मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में मृत स्कूटी सवार छात्र की शिनाख्त हो गई है। मृतक की पहचान सरायकेला के हाड़ी साईं निवासी सागर हेंब्रम के रूप में हुई है, जो स्थानीय संत फ्रांसिस स्कूल का छात्र था। तेज रफ्तार एलपीटी (LPT) ट्रक की चपेट में आने से सागर की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

स्कूल के डांडिया उत्सव में शामिल होने जा रहा था छात्र

मिली जानकारी के अनुसार, सागर अपनी स्कूटी से संत फ्रांसिस स्कूल में आयोजित डांडिया उत्सव में भाग लेने के लिए घर से निकला था। वह त्योहार के उत्साह में स्कूल पहुंच पाता, इससे पहले ही राजनगर बायपास पर काल बनकर आए अनियंत्रित ट्रक ने उसकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त स्कूटी से डांडिया स्टिक बरामद की गई हैं। पहचान उजागर होने के बाद स्कूल प्रबंधन और सहपाठियों के बीच गहरा शोक छा गया है।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, खुलवाया जाम

हादसे की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के बाद मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई और लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटवाया और कुछ ही देर में यातायात को पूरी तरह सामान्य कराया।

परिजनों में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। सागर की मौत की खबर मिलते ही हाड़ी साईं स्थित उसके घर में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!