आदित्यपुर। दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगमता को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एशिया भवन में एक उच्चस्तरीय प्रशासनिक व पुलिस बैठक आयोजित की गई।
उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयरी ने संयुक्त रूप से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं के साथ रखें संवेदनशील व्यवहार : उपायुक्त
उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि शाम के समय पूजा पंडालों में भक्तों की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। उन्होंने तैनात दंडाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि वे श्रद्धालुओं के साथ शालीन व संवेदनशील आचरण रखें। उन्होंने पंडालों में अग्निशमन, बिजली सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के मानकों का स्थलीय सत्यापन करने के निर्देश दिए। विसर्जन को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि चिन्हित घाटों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। साथ ही विसर्जन वाहनों के फिटनेस सर्टिफिकेट और चालकों की जांच अनिवार्य होगी, ताकि नशे की हालत में वाहन चलाने की कोई गुंजाइश न रहे। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं और ‘रील’ बनाने के चक्कर में उत्पन्न होने वाले जोखिमों से बचने की आमजन से अपील की।
800 अतिरिक्त जवान तैनात, सादे लिबास में भी नजर : एसपी
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयरी ने बताया कि आदित्यपुर और गम्हरिया क्षेत्र में शांति व सुगम यातायात बनाए रखने के लिए 800 अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। पंडालों के आसपास सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाएगी। चेन स्नैचिंग, मोबाइल चोरी और छेड़खानी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सादे लिबास में महिला व पुरुष पुलिस बल तैनात रहेंगे। असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस त्वरित और सख्त कार्रवाई करेगी। बैठक में डीडीसी रीना हांसदा, एसडीओ अभिनव प्रकाश, एसडीसी जयवर्धन कुमार, यातायात प्रभारी राजू समेत जिले के तमाम अधिकारी और सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।















Leave a Reply