JHAHIN/2014/58773

जमीन विवाद में अटका 80 वर्षीय शिक्षिका का अंतिम संस्कार, पुलिस की तत्परता से टला खूनी संघर्ष

Spread the love

गोपीकांदर। जमीन विवाद किस कदर रिश्तों और संवेदनाओं पर हावी हो सकता है, इसका ताजा उदाहरण गोपीकांदर के छतरचुआ गांव में देखने को मिला। यहां एक 80 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षिका के अंतिम संस्कार के दौरान भारी हंगामा हो गया। मामला हिंसक झड़प में बदलने ही वाला था कि ग्रामीणों और थाना पुलिस की सूझबूझ ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया।

छतरचुआ गांव की रहने वाली सेवानिवृत्त शिक्षिका मृणालिनी मुर्मू का 11 नवंबर को दुमका अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। बृहस्पतिवार को जब उनके बेटे थियुफिल मरांडी और निकोलस मरांडी अपनी मां के अंतिम संस्कार के लिए जेसीबी मशीन लेकर कब्रिस्तान पहुंचे, तो उनके ही भतीजे सालोम मरांडी और अबनेर मरांडी ने इसका कड़ा विरोध किया और कब्र खोदने से साफ मना कर दिया।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही जमीन को लेकर गहरा विवाद है और यह मामला दुमका के सेटलमेंट कोर्ट में भी लंबित है। इसी पुरानी रंजिश के चलते अंतिम संस्कार के मौके पर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और स्थिति इतनी गरमा गई कि आपस में मारपीट की नौबत आ गई।

हालात को बेकाबू होता देख ग्राम प्रधान मिकाईल मरांडी ने तुरंत गोपीकांदर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पाते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। पुलिस प्रशासन और ग्रामीणों की आपसी पहल और समझाने के बाद आखिरकार विवाद शांत हुआ।

इसके बाद ईसाई रीति-रिवाज के अनुसार जेसीबी मशीन से कब्र खोदकर शव को ससम्मान दफनाया गया। समय रहते पुलिस और ग्रामीणों की इस सक्रियता से गांव में एक बड़ा विवाद होने से रुक गया। पुलिस प्रशासन के इस त्वरित और शांतिकारी कदम की पूरे इलाके में काफी सराहना हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!