JHAHIN/2014/58773

दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग पर फिर दिखा रफ्तार और लापरवाही का कहर, खड़े ट्रक से टकराकर बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत

Spread the love

 

दुमका। दुमका-भागलपुर स्टेट हाईवे पर बुधवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में 32 वर्षीय बाइक सवार युवक की जान चली गई। यह दर्दनाक घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र के अमरपुर स्थित डायमंड होटल के पास घटित हुई। मृतक की पहचान रामगढ़ थाना क्षेत्र के ही बोड़िया गांव निवासी सिकंदर कुमार के रूप में की गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सिकंदर कुमार अपनी बाइक से दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान अमरपुर स्थित डायमंड होटल के समीप सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े एक ट्रक से उनकी बाइक पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सिकंदर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे के तुरंत बाद आरोपी ट्रक चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि डायमंड होटल के आसपास रोजाना दर्जनों ट्रक मुख्य सड़क पर ही खड़े रहते हैं। व्यस्त मार्ग होने के कारण इन खड़े वाहनों से यातायात बाधित होता है और हमेशा बड़े हादसे का डर बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।

फिलहाल, पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। फरार ट्रक चालक और वाहन की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस असमय मौत से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे बोड़िया गांव में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!