जामा (दुमका)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले से चोरी हुआ महिंद्रा युवो 575 डीआई ट्रैक्टर जामा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद कर लिया है। ट्रैक्टर में लगे जीपीएस ट्रैकर की मदद से पुलिस को वाहन की सटीक लोकेशन मिल गई, जिससे अंतरराज्यीय चोरों के मंसूबों पर पानी फिर गया।
बीती रात हुई थी चोरी की वारदात
मिली जानकारी के अनुसार, बीरभूम जिले के मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत नोनीडीही गांव निवासी काली प्रसाद कर्मकार का ट्रैक्टर बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने चुरा लिया था। चोरी की भनक लगते ही वाहन मालिक ने जीपीएस के जरिए ट्रैक्टर को ट्रेस करना शुरू किया और इसकी सूचना मोहम्मद बाजार थाना पुलिस को दी।
सुबह आठ बजे वैसा गांव में हुई छापेमारी
जीपीएस लोकेशन झारखंड के दुमका जिले के जामा थाना क्षेत्र में मिलने पर बंगाल पुलिस ने तुरंत जामा थाना से संपर्क साधा। सूचना मिलते ही जामा थाना प्रभारी अजीत कुमार के निर्देश पर एएसआई मधुसूदन राय ने दल-बल के साथ गुरुवार सुबह करीब आठ बजे वैसा गांव में दबिश दी। पुलिस ने गांव के शंकर मिर्धा के घर के पास से चोरी गए महिंद्रा युवो 575 डीआई ट्रैक्टर को सकुशल बरामद कर जब्त कर लिया।
बंगाल पुलिस को सौंपा जाएगा वाहन
जामा थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि बरामद ट्रैक्टर को फिलहाल थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। पश्चिम बंगाल के मोहम्मद बाजार थाना के पुलिस पदाधिकारी ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेने और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जामा पहुंच रहे हैं।













Leave a Reply