हावड़ा से इस्पात एक्सप्रेस में सवार होकर पहुंची थीं जमशेदपुर, कई घंटे तक स्टेशन पर बैठकर करती रहीं परिजनों का इंतजार; भतीजी पहुंची लेने
जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को रेलवे कर्मचारियों की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय पहल का एक सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। स्टेशन परिसर में कई घंटों से अकेली बैठी 68 वर्षीय महिला यात्री को वाणिज्य विभाग के कर्मचारी ने देखा और उनसे बातचीत कर उनके परिजनों तक पहुंचाने की पहल की। इसके बाद रेलवे अधिकारियों के सामूहिक प्रयास से महिला को उनके परिवार से मिलवा दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, हावड़ा के दमदम निवासी 68 वर्षीय शिखा चौधरी इस्पात एक्सप्रेस में सवार होकर गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे टाटानगर स्टेशन पहुंचीं। स्टेशन पहुंचने के बाद वह प्लेटफार्म पर अपने करीबियों का इंतजार करने लगीं। काफी देर तक जब परिवार का कोई सदस्य उन्हें लेने नहीं पहुंचा तो वह स्टेशन परिसर में ही बैठी रहीं।

इसी दौरान टाटानगर स्टेशन के वाणिज्य कार्यालय में कार्यरत सहायक वाणिज्य कर्मचारी बानी विकास दास की नजर महिला पर पड़ी। काफी देर से अकेले बैठी महिला को देखकर उन्हें कुछ आशंका हुई। उन्होंने महिला के पास जाकर बातचीत की और उनके बारे में जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया। बातचीत के दौरान महिला ने अपना नाम शिखा चौधरी बताया और जानकारी दी कि वह हावड़ा के दमदम की रहने वाली हैं। जमशेदपुर में उनकी भाभी रहती हैं।
महिला ने अपनी भाभी का नाम कल्पना मुखर्जी बताया, जो सोनारी स्थित आदर्श नगर के नौवें फेज में रहती हैं। इसके बाद बानी विकास दास ने तत्काल इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी। महिला की सुरक्षा और उनके परिजनों का पता लगाने के लिए स्टेशन पर अनाउंसमेंट भी कराया गया। कई घंटों तक परिजनों का इंतजार करने के बाद देर शाम रेलवे अधिकारियों ने महिला से दोबारा विस्तृत जानकारी प्राप्त की और छानबीन शुरू की।
रेलवे कर्मचारियों के प्रयास से आखिरकार महिला की भाभी के परिवार से संपर्क स्थापित हो गया। इसके बाद उनकी भतीजी देवस्मिता बनर्जी उन्हें लेने टाटानगर स्टेशन पहुंचीं। उन्होंने महिला की पहचान अपनी बुआ के रूप में की और बताया कि शिखा चौधरी कोलकाता के दमदम में अकेली रहती हैं।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ महीने पहले शिखा चौधरी के पति का निधन हो गया था। इसके बाद से उनकी याददाश्त भी कुछ कमजोर हो गई है। बताया गया कि उनका बेटा और बहू भी हैं, लेकिन वह उनके साथ नहीं रहती हैं। परिजनों के मुताबिक, वह बिना किसी को जानकारी दिए घर से निकलकर टाटानगर पहुंच गई थीं। महिला के बेटे को भी इसकी सूचना दे दी गई है।
इस पूरे घटनाक्रम में वाणिज्य कार्यालय के सहायक कर्मचारी बानी विकास दास की सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यदि वह समय रहते महिला से बातचीत कर पहल नहीं करते तो उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता था। वहीं, वाणिज्य विभाग के अधिकारियों और स्टेशन पर मौजूद अन्य रेलकर्मियों ने भी महिला को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाने में पूरा सहयोग किया।













Leave a Reply