झाड़ग्राम। दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर झाड़ग्राम प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पूजा के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने पूजा समितियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में स्पष्ट किया गया कि शांतिपूर्ण और सुरक्षित पूजा के लिए प्रशासन और समितियों के बीच मजबूत समन्वय जरूरी होगा।
बैठक में झाड़ग्राम के विधायक लक्ष्मीकांत साऊ, एसडीपीओ, झाड़ग्राम थाना के आईसी समेत विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी तथा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की दुर्गापूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और पूजा आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रशासन की ओर से समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, वहीं समितियों के प्रतिनिधियों ने अपनी तैयारियों, समस्याओं और आवश्यकताओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
पूजा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रखने के लिए प्रशासन तथा पूजा समितियों के बीच लगातार संपर्क और समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में राज्य सरकार की ओर से पूजा समितियों के लिए घोषित सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। पूजा के दौरान इस्तेमाल होने वाली बिजली के बिल पर 100 प्रतिशत छूट समेत अन्य सरकारी सहयोग के बारे में समितियों को बताया गया। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से दुर्गापूजा संपन्न कराने के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। आगामी दिनों में पूजा तैयारियों के साथ सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक सक्रियता और बढ़ने की उम्मीद है।















Leave a Reply