JHAHIN/2014/58773

मरीन ड्राइव हादसे में चार युवाओं की मौत, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे गए शव

Spread the love

मृतकों में मंत्री दीपिका पांडे सिंह की छोटी बेटी तृषा सिंह भी शामिल, रांची भेजा गया शव

जमशेदपुर। सोनारी के मरीन ड्राइव में गुरुवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवाओं के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे में मंत्री दीपिका पांडे सिंह की छोटी बेटी तृषा सिंह, युवा व्यवसायी सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल की मौत हो गई थी। चारों की मौत की खबर से शहर में शोक की लहर है।पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी शव परिजनों को सौंपे गए। तृषा सिंह का शव अंतिम संस्कार के लिए रांची भेज दिया गया। वहीं, अन्य मृतकों के शव भी उनके परिजनों को सौंप दिए गए, जिसके बाद परिजन उन्हें लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के नेता और प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इस दौरान पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, कांग्रेस जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह भाटिया, मानगो की मेयर सुधा गुप्ता, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, संजीव सरदार, कुणाल षाडंगी समेत पुलिस एवं प्रशासन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।सभी ने हादसे में चार युवाओं की असमय मौत पर गहरा दुख जताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। हादसे की सूचना के बाद से ही मृतकों के परिजनों और परिचितों का अस्पताल पहुंचना जारी रहा। माहौल पूरी तरह गमगीन रहा।बताया जा रहा है कि गुरुवार तड़के सोनारी के मरीन ड्राइव इलाके में तेज रफ्तार वाहन की दुर्घटना में चारों युवाओं की जान चली गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के पीछे तेज रफ्तार, सड़क की स्थिति अथवा अन्य कारणों की भूमिका रही है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।चार युवाओं की एक साथ मौत से परिवारों के साथ-साथ उनके परिचितों और पूरे शहर में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *