JHAHIN/2014/58773

Breaking News आदित्यपुर: युवक की गोली मारकर हत्या, जुआ खेलने के दौरान विवाद की आशंका

Spread the love

सोनू कुमार की इलाज के दौरान टीएमएच में मौत, विशाल सिंह पर गोली मारने का आरोप; पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

जमशेदपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सतबोहनी जुलुमटांड़ में पूजा पंडाल के समीप गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सोनू कुमार के रूप में हुई है। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल सोनू को आनन-फानन में टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सतबोहनी और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के समीप कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गोली चल गई, जो सोनू कुमार को जा लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।घटनास्थल के आसपास ताश की गड्डियां बिखरी मिली हैं। इससे पुलिस को आशंका है कि हत्या की वजह जुआ खेलने के दौरान हुआ विवाद हो सकता है। हालांकि, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात के पीछे कोई दूसरी वजह तो नहीं थी।प्रारंभिक तौर पर विशाल सिंह नामक युवक पर सोनू कुमार को गोली मारने का आरोप लगाया जा रहा है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी और तलाश में जुटी है।इस संबंध में आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मृतक के भाई को भी घटना के संबंध में जानकारी है। उससे पूछताछ कर घटनाक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। पूजा पंडाल के समीप हुई इस सनसनीखेज वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!