झाड़ग्राम। बच्चों और किशोर-किशोरियों की सुरक्षा, संरक्षण तथा मानसिक स्वास्थ्य को लेकर बिनपुर-2 चक्र कार्यालय में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। अवर विद्यालय निरीक्षक प्रकाश नाथ की पहल पर आयोजित इस कार्यशाला में बिनपुर-2 चक्र के अंतर्गत आने वाले 109 विद्यालयों के नामित नोडल शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यशाला में बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ विद्यालयों में मानसिक तनाव कम करने और सकारात्मक माहौल विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने मानसिक स्वास्थ्य, तनाव से निपटने के उपाय, गुड टच-बैड टच, बाल उत्पीड़न की रोकथाम, बाल विवाह रोकथाम, बाल संरक्षण कानून तथा असहाय एवं जोखिमग्रस्त बच्चों के लिए उपलब्ध सरकारी सहायता योजनाओं की जानकारी दी।
जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (DMHP) की ओर से साइकाइट्रिक सोशल वर्कर बिदिशा गोस्वामी और साइकाइट्रिक नर्स मौमिता कबीराज ने मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। वहीं NTCP की मनोवैज्ञानिक अरुणिमा खान पट्टनायक ने किशोरों में तंबाकू सेवन के दुष्प्रभाव और नशे की रोकथाम पर चर्चा की।
जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU), झाड़ग्राम के अधिकारियों ने बाल सुरक्षा, बाल विवाह रोकथाम, बाल उत्पीड़न से बचाव तथा जरूरतमंद बच्चों के लिए सरकारी सहायता की जानकारी साझा की।
समापन पर प्रकाश नाथ ने नोडल शिक्षकों से कहा कि कार्यशाला की जानकारी को केवल विद्यालय स्तर तक सीमित न रखते हुए अन्य शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावकों तक भी पहुंचाए। उन्होंने सुरक्षित, सहयोगी और मानसिक रूप से स्वस्थ शिक्षण वातावरण तैयार करने में शिक्षकों की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया।













Leave a Reply