JHAHIN/2014/58773

कैटेलिना चैनल पार कर मेदिनीपुर की आफरीन ने रचा नया इतिहास

Spread the love

मेदिनीपुर। मेदिनीपुर की बेटी आफरीन जाबी ने एक बार फिर समुद्र में अपनी तैराकी का लोहा मनवाया है। अमेरिका के दुर्गम कैटेलिना चैनल को पार कर आफरीन ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। करीब 32.5 किलोमीटर लंबे समुद्री रास्ते को उन्होंने 15 घंटे 51 सेकंड में पूरा किया। इस दौरान तेज लहरों, समुद्री धाराओं, रात के अंधेरे और जेलीफिश के बीच आफरीन लगातार तैरती रहीं।शहर के दीवान बाबा चौक की रहने वाली आफरीन ने 23 सितंबर को भारतीय समयानुसार सुबह 11 बजकर 58 मिनट पर अमेरिका के सैन पेड्रो से तैराकी शुरू की थी। रातभर और अगले दिन तक समुद्र में तैरने के बाद 24 सितंबर को भारतीय समयानुसार तड़के 2 बजकर 58 मिनट 51 सेकंड पर उन्होंने कैटेलिना चैनल पार कर लिया।अभियान के दौरान समुद्र में कई तरह की मुश्किलें सामने आईं। आफरीन के पिता पियर अली ने बताया कि समुद्र में तेज लहरों और विपरीत धाराओं के साथ जेलीफिश भी परेशानी का कारण बनी। उन्होंने बताया कि समुद्र में ब्लू व्हेल, सी लायन और व्हेल भी दिखाई दिए थे, हालांकि आफरीन की नजर उन पर नहीं पड़ी।आफरीन ने तैराकी का प्रशिक्षण मेदिनीपुर स्विमिंग क्लब से शुरू किया था। इससे पहले 29 जुलाई 2025 को उन्होंने 13 घंटे 13 मिनट में इंग्लिश चैनल पार किया था। इसके बाद मई 2026 में 7 घंटे 5 मिनट में पाक जलडमरूमध्य पार किया। अब कैटेलिना चैनल की सफलता ने उनकी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।आफरीन की कामयाबी की खबर मिलते ही परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल है। मेदिनीपुर शहर के साथ पूरे जिले में उनकी उपलब्धि को लेकर चर्चा है। परिवार ने इस अभियान में सहयोग करने वाले जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, शुभचिंतकों और स्पॉन्सरों के प्रति आभार जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!