500 से अधिक अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा, 25 से ज्यादा कंपनियां हुई शामिल
जमशेदपुर। झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी के अंतर्गत मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत आरवीएस स्किल्स एकेडमी, डीडीयूकेके जमशेदपुर की ओर से 25 और 26 सितंबर को आरवीएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी परिसर में मेगा प्लेसमेंट ड्राइव सह दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया और रोजगार के लिए विभिन्न कंपनियों के समक्ष अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
दो दिवसीय मेगा प्लेसमेंट ड्राइव में 500 से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि विभिन्न क्षेत्रों की 25 से अधिक कंपनियां चयन प्रक्रिया में शामिल हुई। कंपनियों की ओर से अभ्यर्थियों के साक्षात्कार और अन्य चयन प्रक्रियाएं आयोजित की गईं, जिसके बाद करीब 300 अभ्यर्थियों का प्लेसमेंट हुआ। चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर भी प्रदान किए गए।
इस मेगा प्लेसमेंट ड्राइव में केवल आरवीएस स्किल्स एकेडमी के प्रशिक्षित युवाओं के साथ ही अन्य प्रशिक्षण केंद्रो के प्रशिक्षणार्थी भी शामिल हुए।

फैशन शो का आयोजन
कार्यक्रम के दूसरे दिन ‘झारखंड की कला’ थीम पर विशेष फैशन शो का आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने झारखंड की समृद्ध कला, संस्कृति, परंपरा और विरासत से प्रेरित परिधानों के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक पहचान को प्रस्तुत किया।
फैशन शो में कुल 20 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने अलग-अलग पारंपरिक और सांस्कृतिक परिधानों के माध्यम से झारखंड की विविधता को मंच पर प्रदर्शित किया। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ परिधान प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागी को बेस्ट ड्रेस के लिए प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
15 स्टार एलुमनी को किया गया सम्मानित
फैशन शो के बाद आरवीएस स्किल्स एकेडमी के 15 स्टार एलुमनी को सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अभ्यर्थियों के बीच प्रमाण-पत्रों का भी वितरण किया गया। निर्धारित प्रशिक्षण पूरा करने और अंतिम मूल्यांकन में सफल अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनकी मेहनत और उपलब्धि को सम्मानित किया गया।
समारोह में शिक्षा, कौशल विकास, उद्योग और रोजगार क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में आरवीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन बिंदा सिंह, टाटा मोटर्स के डिप्टी जनरल मैनेजर एवं एचआर गोपाल मिश्रा, आरवीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के ट्रेजरर एवं आरवीएस स्किल्स एकेडमी के मैनेजिंग डायरेक्टर शत्रुघ्न सिंह, आरवीएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार तिवारी, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट हेड विक्रम शर्मा, यूएनडीपी के प्लेसमेंट मैनेजर नवलेश निहार एवं चंद्रशेखर सिंह तथा आरवीएस स्किल्स एकेडमी के नेशनल हेड रामकिशन लोढ़ा सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।















Leave a Reply