JHAHIN/2014/58773

लोहरदगा में उबाल: हाइवा की टक्कर से दो भाइयों की मौत के बाद भारी तनाव; शव सड़क पर रख बड़की चांपी चौक पर चक्का जाम

Spread the love

 लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र से इस वक्त तनाव की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। शंखनदी-लुकुइया मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित हाइवा की चपेट में आने से पूर्व प्रखंड प्रमुख परिखा मुंडा के दो भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई है। इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम के साथ-साथ भारी जनाक्रोश व्याप्त है। 12 अक्टूबर की रात से शुरू हुआ ग्रामीणों का यह प्रदर्शन आज (13 अक्टूबर) सुबह भी जारी है, जिससे पूरे क्षेत्र में आवागमन ठप पड़ गया है।

बीकेबी कंपनी के खिलाफ आक्रोश, शवों के साथ हाईवे जाम

हादसे में जान गंवाने वाले दोनों चचेरे भाइयों की पहचान दुबांग (बंदुआ) गांव निवासी बजरंग मुंडा (22 वर्ष, पिता: झुनू मुंडा) और जुगेश मुंडा (25 वर्ष, पिता: विफई मुंडा) के रूप में की गई है। दुर्घटना रविवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच बड़की चांपी और जरियो के समीप हुई थी। हादसे में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही दोनों के शव गांव पहुंचे, परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज लोगों ने दोनों भाइयों के शवों को बड़की चांपी चौक (मुख्य मार्ग) पर बीच सड़क पर रखकर अनिश्चितकालीन जाम लगा दिया है। ग्रामीणों की मुख्य मांग है कि हादसे के लिए जिम्मेदार हाइवा से जुड़ी बीकेबी (BKB) कंपनी के शीर्ष अधिकारियों को तुरंत मौके पर बुलाया जाए। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को उचित सरकारी मुआवजा, परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी और क्षेत्र में अनियंत्रित भारी वाहनों के परिचालन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की जा रही है।

आवागमन बुरी तरह प्रभावित, पुलिस बल तैनात

सड़क जाम होने के कारण लोहरदगा-रांची-लातेहार मार्ग पर गाड़ियों की मीलों लंबी कतार लग गई है। कई यात्री वाहन और मालवाहक ट्रक बीच रास्ते में फंसे हुए हैं। हालात की संवेदनशीलता को देखते हुए कुड़ू थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मुस्तैद हैं। हालांकि, ग्रामीण और परिजन अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं और बिना ठोस लिखित आश्वासन के शव हटाने को तैयार नहीं हैं। प्रशासन ग्रामीणों को समझाने-बुझाने और जाम खुलवाने के प्रयास में लगातार जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!