जमशेदपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में आधारभूत संरचना के विकास, सुरक्षा और ट्रैक के रखरखाव से जुड़े कार्यों को लेकर कई ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है। रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, विभिन्न रेलखंडों में ट्रैक रिलेइंग ट्रेन (टीआरटी) ब्लॉक, टैम्पिंग कार्य, नॉन इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के बाद रखरखाव, गर्डर लॉन्चिंग, बैलास्ट क्लीनिंग मशीन (बीसीएम) ब्लॉक और लिमिटेड हाइट सबवे (एलएचएस) से जुड़े कार्य किए जाएंगे। इसके कारण 4 नवंबर से 12 नवंबर 2026 तक कुल नौ जोड़ी ट्रेनों का परिचालन अलग-अलग तिथियों में प्रभावित रहेगा।
रेलवे के अनुसार, इन कार्यों का उद्देश्य रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित बनाना, ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार करना और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। हालांकि, ट्रेनों के रद्द होने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
1. 68019/68020 टाटानगर-गुवा-आदित्यपुर MEMU
2. 68137/68138 टाटानगर-चाईबासा MEMU
3. 68003/68004 टाटानगर-गुवा-टाटानगर MEMU
4. 18019/18020 झाड़ग्राम-पुरुलिया-झाड़ग्राम MEMU
5. 68044/68043 राउरकेला-टाटानगर-राउरकेला MEMU
6. 68029/68030 राउरकेला-झारसुगुड़ा-राउरकेला MEMU
7. 18175/18176 हटिया-झारसुगुड़ा-हटिया MEMU
8. 58659/ 58660 हटिया-राउरकेला पैसेंजर
9. 58151/58152 – बीरमित्रपुर-बरसुआन पैसेंजर
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताया है। साथ ही यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेनों की स्थिति की जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य प्राप्त कर लें।













Leave a Reply