JHAHIN/2014/58773

गाय-बैलों की पूजा और मांदर-नगाड़े की थाप पर झूमे ग्रामीण, विधायक ने कहा- आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी

Spread the love

 

किनूडीह में आतू सोहराय की धूम, डंगरी खूंटाव देखने उमड़ा जनसैलाब

जमशेदपुर। करनडीह के किनूडीह में ग्राम सभा किनूडीह की ओर से आयोजित पारंपरिक आतू सोहराय समारोह पूरे उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पोटका विधायक संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में पारंपरिक डंगरी खूंटाव आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे देखने के लिए आसपास के गांवों से सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। गाय-बैलों की पूजा-अर्चना, पारंपरिक रीति-रिवाज और मांदर-नगाड़े की गूंज के बीच महिला-पुरुषों ने पारंपरिक नृत्य कर उत्सव की रौनक बढ़ाई। पूरा गांव सोहराय के रंग में रंगा नजर आया।

पशुधन के प्रति सम्मान और प्रकृति से जुड़ाव का पर्व है सोहराय

सोहराय झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसका गहरा संबंध प्रकृति, पशुधन और खेती-किसानी से है। खेती-किसानी और रोजमर्रा के जीवन में उनके योगदान को सम्मान देने की यह सदियों पुरानी परंपरा है। सोहराय खूंटाव के अवसर पर पूजा के साथ नाच-गाने की भी विशेष परंपरा निभायी जाती है। मांदर, नगाड़ा और अन्य पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर ग्रामीण सामूहिक रूप से नृत्य करते हैं।

मांदर बजाकर विधायक ने भी लिया पारंपरिक उत्सव का आनंद

समारोह में विधायक संजीव सरदार भी आदिवासी संस्कृति के रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने स्वयं मांदर बजाकर ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया और पारंपरिक नृत्य-संगीत में शामिल होकर आतू सोहराय की खुशियां साझा कीं। इस दौरान ग्रामीणों ने भी उनका उत्साहपूर्वक साथ दिये।

बुजुर्गों से बच्चों तक दिखा उत्साह, नई पीढ़ी भी परंपरा से जुड़ी

समारोह की खास बात यह रही कि इसमें बुजुर्गों के साथ युवा और बच्चे भी बढ़-चढ़कर शामिल हुए। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर महिला-पुरुषों के सामूहिक नृत्य ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। ग्रामीणों ने एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटीं और अपनी लोक संस्कृति को जीवंत रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर सरस्वती टुडू, दक्षिण करंडीह की मुखिया, रैमत सोरेन, पूर्वी घाघीडीह के उपमुखिया, मिर्जा हांसदा, मानिक मल्लिक समेत कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!