जमशेदपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जमशेदपुर से बिहार जाने वाले यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। ट्रेनों के साथ-साथ बसों में भी यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। बिहार जाने वाली लगभग सभी नियमित ट्रेनों में टिकट हाउसफुल चल रहे हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे की ओर से पटना, छपरा समेत बिहार के विभिन्न रूटों पर कई पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है।

शुक्रवार से छठ महापर्व की शुरुआत होने के मद्देनजर गुरुवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी। खासकर बिहार जाने वाली ट्रेनों को पकड़ने के लिए सुबह से ही यात्री स्टेशन पहुंचने लगे थे। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल की ओर से स्टेशन पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। आरपीएफ और अन्य रेलकर्मियों की तैनाती की गई है। यात्रियों को स्टेशन के बाहर से ही कतारबद्ध तरीके से प्लेटफॉर्म पर प्रवेश कराया जा रहा है, ताकि प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ न हो और यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
गुरुवार को सबसे पहले टाटानगर से थावे जाने वाली ट्रेन संख्या 18181 को लेकर यात्रियों में काफी उत्साह और भीड़ देखने को मिली। इस ट्रेन का निर्धारित प्रस्थान समय रात 8:45 बजे है। ट्रेन पकड़ने के लिए बड़ी संख्या में यात्री स्टेशन पहुंचे। इसके बाद टाटानगर से छपरा जाने वाली छठ पूजा स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जाना है। इस ट्रेन को पहले शाम 6 बजे रवाना होना था, लेकिन रेलवे की ओर से इसे रीशेड्यूल कर रात 9:30 बजे रवाना करने का निर्णय लिया गया है।
स्टेशन परिसर में छठ महापर्व को लेकर विशेष माहौल देखने को मिल रहा है। यात्रियों की सुविधा और पर्व की भावना को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर छठ के पारंपरिक गीत भी बजाए जा रहे हैं। इससे स्टेशन पर पहुंचने वाले यात्रियों में उत्साह का माहौल है। कई परिवार बच्चों और बुजुर्गों के साथ अपने गांव जाने के लिए ट्रेनों का इंतजार करते नजर आए।
रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों से अपील की जा रही है कि वे कतार में रहकर ट्रेन में चढ़ें, अनावश्यक जल्दबाजी न करें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। छठ पर्व को लेकर यात्रियों की भीड़ आने वाले दिनों में भी बढ़ने की संभावना है। ऐसे में रेलवे प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण और सुरक्षित रेल परिचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।













Leave a Reply