आईची-नागोया। जापान के आइची-नागोया में आयोजित हो रहे 20वें एशियन गेम्स 2026 के पहले ही दिन भारतीय एथलीटों ने अपने अभियान की अभूतपूर्व और ऐतिहासिक शुरुआत की है। खेलों के आधिकारिक शुरुआती दिन ही भारत ने न केवल मेडल तालिका में अपना खाता खोला, बल्कि पुरुष हॉकी में भी अपने आक्रामक इरादे स्पष्ट कर दिए हैं।
भारत की बेटियों ने लगाया ‘सिल्वर‘ पर निशाना
एशियन गेम्स 2026 में भारत को आधिकारिक रूप से पहला पदक महिला निशानेबाजी (शूटिंग) दल ने दिलाया है। महिलाओं के 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भारत की स्टार तिकड़ी—एलावेनिल वलारिवन, सोनम उत्तम मस्कर और विदारसा विनोद ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल (रजत पदक) अपने नाम किया।
भारतीय टीम ने बेहद कड़े मुकाबले में कुल 1898.0 का संयुक्त स्कोर खड़ा किया। इसमें व्यक्तिगत रूप से सोनम मस्कर ने 634.1 अंक, एलावेनिल वलारिवन ने 633.5 अंक और विदारसा ने 630.4 अंकों का बहुमूल्य योगदान दिया। इस स्पर्धा का गोल्ड मेडल चीन की टीम ने 1904.2 अंकों के नए वर्ल्ड रिकॉर्ड स्कोर के साथ जीता, जबकि जापान (1897.1 अंक) को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा। अच्छी खबर यह भी है कि इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत एलावेनिल और सोनम ने अपने-अपने व्यक्तिगत फाइनल राउंड के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
डिफेंडिंग चैंपियन भारत की तूफानी शुरुआत, इंडोनेशिया बेदम
निशानेबाजों के जश्न के बीच दूसरी सबसे बड़ी और धमाकेदार खुशखबरी हॉकी के मैदान से आई। एशियन गेम्स में अपने स्वर्ण पदक को बरकरार रखने और खिताब की रक्षा करने उतरी भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पूल ए के अपने पहले मुकाबले में इंडोनेशिया को 13-1 के विशाल अंतर से कुचल दिया।
कावासाकी जुको स्टेडियम में खेले गए इस एकतरफा मैच में भारतीय फॉरवर्ड लाइन ने इंडोनेशियाई डिफेंस की धज्जियां उड़ा दीं। भारत की ओर से दिलप्रीत सिंह जीत के सबसे बड़े हीरो रहे, जिन्होंने अकेले 4 गोल दागे। उनके अलावा शिलानंद लाकड़ा और सुखजीत सिंह ने 2-2 गोल दागकर टीम की बढ़त को अजेय बना दिया। मैच के छठवें मिनट में ही शिलानंद लाकड़ा ने कप्तान हरमनप्रीत सिंह की ड्रैग-फ्लिक के रिबाउंड पर गोल दागकर भारत का खाता खोला था, जिसके बाद टीम ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। पूरे मैच में कुल 8 अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल दागे, जो टीम की शानदार फॉर्म को दर्शाता है।
वहीं टेबल टेनिस में पुरुष टीम स्पर्धा के ग्रुप एफ मुकाबले में भारत ने शानदार खेल दिखाते हुए इंडोनेशिया को 3-0 से मात देकर अपने अभियान की विजयी शुरुआत की है। सथियान गणानाशेखरन, मानव ठक्कर और मानुष शाह ने अपने-अपने एकल मैच जीते। [
भारत की सुचिका तरियाल ने पारंपरिक 60 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में मंगोलिया की अल्तानचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। इसके साथ ही उन्होंने इस स्पर्धा में भारत का एक और पदक पक्का कर दिया है।
पहले ही दिन के इस शानदार प्रदर्शन से 501 सदस्यीय भारतीय दल का मनोबल सातवें आसमान पर है और आने वाले दिनों में पदकों की संख्या में भारी उछाल आने की पूरी उम्मीद है






Leave a Reply