रांची। झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित पांच दिवसीय 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य समापन हो गया। 22 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक चली इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश भर के अर्धसैनिक बलों और राज्यों के पुलिस बलों के तीरंदाजों ने अपना दमखम दिखाया।
ITBP और CISF का रहा दबदबा
पांच दिनों तक चले कड़े मुकाबलों के बाद भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 53 अंकों के साथ पुरुष वर्ग में ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वहीं, पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस 22 अंकों के साथ दूसरे और राजस्थान पुलिस 21 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।

दूसरी ओर, महिला वर्ग में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की टीम 37 अंकों के साथ शीर्ष पर रही। महिला श्रेणी में उत्तर प्रदेश पुलिस (34 अंक) दूसरे स्थान पर और सीमा सुरक्षा बल (BSF) व असम राइफल्स संयुक्त रूप से (23-23 अंक) तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में रिकर्व, कंपाउंड और इंडियन राउंड जैसी विभिन्न श्रेणियों में कुल 40 स्वर्ण, 40 रजत और 40 कांस्य पदक प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विजेताओं को किया सम्मानित
समापन समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विजेताओं को ट्रॉफी व पदक देकर सम्मानित किया। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए झारखंड पुलिस की सराहना की और कहा कि पुलिस बलों के व्यस्त व चुनौतीपूर्ण जीवन में खेल अनुशासन, एकाग्रता और मानसिक मजबूती लाता है।

देशभर से जुटे 432 पुलिस खिलाड़ी
झारखंड पुलिस की मेजबानी में आयोजित इस राष्ट्रीय खेल महाकुंभ में देशभर की 29 पुलिस टीमों के 432 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के तीरंदाज भी शामिल थे। समापन के अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव वंदना दादेल और पुलिस महानिदेशक (DGP) तदाशा मिश्रा सहित कई आला अधिकारी मौजूद रहे। इस आयोजन ने न केवल पुलिस बलों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दिया, बल्कि राष्ट्रीय सौहार्द को भी मजबूत किया।
















Leave a Reply