रांची। जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने भारत को 6 विकेट से हरा दिया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 249 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में वेस्टइंडीज ने 18.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 252 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
भारत की ओर से संजू सैमसन ने 41 गेंदों पर 82 रन की विस्फोटक पारी खेली। ईशान किशन ने 22 गेंदों पर 43 रन बनाए, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने 18 गेंदों पर 40 रन का योगदान दिया। वहीं, तिलक वर्मा ने महज 18 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाकर भारतीय पारी को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
250 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। कैरेबियाई कप्तान शाई होप ने महज 45 गेंदों पर 102 रन की तूफानी शतकीय पारी खेली। वहीं, शेरफेन रदरफोर्ड ने 37 गेंदों पर 84 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज में जोरदार वापसी करते हुए मुकाबले को 1-1 से बराबर कर दिया। रांची में खेले गए इस हाईस्कोरिंग मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा।
















Leave a Reply