JHAHIN/2014/58773

Spread the love

भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को 6-2 से हराकर रचा इतिहास 

भोपाल। भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपना विजय रथ जारी रखते हुए मंगलवार रात महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के एकतरफा लीग मुकाबले में मजबूत चीन को 6-2 से करारी शिकस्त दी। भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में खेले गए इस मैच में जीत के साथ ही डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत दर्ज की और पहली बार विश्व रैंकिंग में ऐतिहासिक पांचवां स्थान हासिल किया। 

मैच की शुरुआत से ही कप्तान सलीमा टेटे की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने आक्रामक रुख अपनाया। स्टार फॉरवर्ड दीपिका ने मैच के पहले ही मिनट में मैदानी गोल दागकर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद छठे और 14वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर दो और गोल करते हुए उन्होंने पहले ही क्वार्टर में अपनी शानदार हैट्रिक पूरी कर ली। टूर्नामेंट में यह उनकी लगातार दूसरी हैट्रिक रही। 

दूसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा कायम रहा। लालरेमसियामी (19वें मिनट) और नेहा (22वें मिनट) ने गोल दागकर स्कोर 5-1 कर दिया। तीसरे क्वार्टर में साक्षी राणा (38वें मिनट) ने शानदार गोल कर भारत की बढ़त को और मजबूत किया। चीन की ओर से दो गोल किए गए, लेकिन भारतीय डिफेंस और गोलकीपर बिचू देवी के मुस्तैद प्रदर्शन के आगे चीनी हमलावर बेबस नजर आए। 

सेमीफाइनल में पहले ही जगह पक्की कर चुकी भारतीय टीम 12 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है। हॉकी इंडिया के अनुसार, टूर्नामेंट के इतिहास में चीन के खिलाफ यह भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। अब भारत अपने आखिरी लीग मुकाबले में अजेय चल रही जापान की टीम से भिड़ेगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!