JHAHIN/2014/58773

झाड़ग्राम: अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज, चार गिरफ्तार

Spread the love

झाड़ग्राम। जिले में अवैध देसी शराब के उत्पादन, बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए झाड़ग्राम जिला पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर अवैध शराब बनाने के उपकरणों को नष्ट करने के साथ ही बड़ी मात्रा में चुलाई शराब जब्त की जा रही है। इस सिलसिले में अलग-अलग अभियानों में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।


पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार रात नयाग्राम थाना क्षेत्र के डाही इलाके में पुलिस ने 90 लीटर चुलाई शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम मेदिनीपुर जिले के पानसागंज गांव निवासी कमल पात्र और झंटू बेरा के रूप में हुई है। आरोप है कि दोनों धुमसाई इलाके से बाइक पर चुलाई शराब लेकर केशियाड़ी जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने डाही इलाके में उन्हें पकड़ लिया।

नयाग्राम थाना प्रभारी रामनारायण पाल के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में एसआई अर्णब मंडल, एसआई सुब्रत नियोगी और एसआई गोपाल चंद्र नायक भी शामिल थे। बुधवार को दोनों आरोपियों को झाड़ग्राम जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिनों की जेल हिरासत में भेज दिया गया। दूसरी ओर, बेलियाबेड़ा थाना पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने नकुईजुड़ी और बासुदेवपुर गांव में अभियान चलाया। इस दौरान 120 लीटर चुलाई शराब और 4,800 लीटर फर्मेंटेड वॉश बरामद किया गया। इस मामले में आबकारी विभाग की ओर से दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 10 लाख 20 हजार रुपये बताया गया है। इधर, सांकराइल थाना पुलिस ने भी अवैध देसी शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नेहर गांव निवासी रामचंद्र सोरेन (38) और पिंटू हांसदा (39) को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से क्रमशः 65 और 70 लीटर, कुल 135 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों को झाड़ग्राम जिला अदालत में पेश करने पर न्यायिक हिरासत में भेजने का निर्देश दिया गया। इस संबंध में झाड़ग्राम के पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला (आईपीएस) ने बताया कि जिले में अवैध चुलाई शराब के उत्पादन, बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में निगरानी और तेज की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!