झाड़ग्राम । स्कूल के खेल मैदान की जमीन पर बने पांच पक्के मकानों को हटाने के लिए बुधवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाया। कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश पर बिनपुर-1 प्रखंड की नेपुरा ग्राम पंचायत के खोसागुड़ी प्राथमिक विद्यालय की जमीन पर बने मकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई। आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के पूर्व पंचायत सदस्य दिनेश बेज ने स्कूल की जमीन पर कब्जा कर एक दो मंजिला और चार एक मंजिला मकान बनवाया था।
विद्यालय और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, स्कूल के नाम पर सरकारी अभिलेखों में करीब 1.9 एकड़ जमीन दर्ज है। आरोप है कि वर्ष 2011-12 से करीब एक एकड़ जमीन पर कब्जा कर इन मकानों का निर्माण किया गया था। स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया था।
वर्ष 2017 में गांव के छह लोगों ने जमीन की मापी कराने और स्कूल की जमीन वापस दिलाने की मांग को लेकर बिनपुर-1 के भूमि एवं भूमि सुधार विभाग में लिखित आवेदन दिया। इसके बाद स्कूल प्रबंधन के सहयोग से अवैध निर्माण के खिलाफ उच्च न्यायालय में मामला दायर किया गया। उसी वर्ष अदालत ने अवैध कब्जा हटाने का आदेश दिया था। हालांकि, स्कूल प्रबंधन का आरोप है कि आदेश के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। जनवरी 2026 में छह शिकायतकर्ताओं ने दोबारा उच्च न्यायालय में याचिका दायर की। अदालत ने अपने पूर्व के आदेश को बरकरार रखा। इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर की गई, जिसे खारिज कर दिया गया। उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद जिलाधिकारी ने अनुमंडल प्रशासन को कार्रवाई करने का आदेश दिया। गत 28 अगस्त को भूमि एवं भूमि सुधार विभाग के अधिकारियों ने स्कूल पहुंचकर जमीन की मापी की थी।
बुधवार को अदालत के आदेश के अनुपालन में लालगढ़ थाना पुलिस, प्रखंड प्रशासन और भूमि एवं भूमि सुधार विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर से मकानों को तोड़ने का काम शुरू किया गया।













Leave a Reply