JHAHIN/2014/58773

झाड़ग्राम: सीमा पर पुलिस की कार्रवाई, बालू लदे तीन डंपर पकड़े गए, चालक गिरफ्तार

Spread the love

झाड़ग्राम। अंतरराज्यीय सीमा के रास्ते अवैध बालू परिवहन पर रोक लगाने के लिए झाड़ग्राम जिला पुलिस की कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। गोपीबल्लभपुर थाना पुलिस ने ओडिशा सीमा से सटे हातिबाड़ी नाका पर जांच के दौरान बालू से लदे तीन डंपरों को जब्त किया। इस मामले में तीन चालकों को भी गिरफ्तार किया गया है।

घटना मंगलवार सुबह की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से अवैध रूप से बालू लेकर कुछ डंपर बंगाल में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना के आधार पर गोपीबल्लभपुर थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हातिबाड़ी नाका पर निगरानी बढ़ा दी। अभियान में एएसआई तारकनाथ घोष और संदीप सिंह भी शामिल थे। इसी दौरान संदेह के आधार पर तीन बालू लदे डंपरों को रोककर उनकी जांच की गई। पुलिस ने चालकों से बालू परिवहन का वैध चालान और वाहनों के आवश्यक दस्तावेज मांगे। हालांकि, जांच में बालू परिवहन से संबंधित वैध कागजात नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने तीनों डंपरों को जब्त कर चालकों को गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए चालकों की पहचान उत्तर दिनाजपुर के बड़ा शहर निवासी श्यामसुल हक, बिहार के लहरमिया निवासी गानोवारी सिंह और पूर्व मेदिनीपुर के आंदुलिया निवासी सुभाष माइती के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, तीनों डंपरों में झारखंड के सरायकेला से बालू लाया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बालू का स्रोत क्या था और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

झाड़ग्राम के पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला ने बताया कि जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बंगाल, ओडिशा और झारखंड की सीमाओं पर स्थित नाका प्वाइंटों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

बुधवार को तीनों गिरफ्तार चालकों को झाड़ग्राम जिला अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें सात दिनों की जेल हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। उनका कहना है कि अवैध बालू परिवहन से सरकारी राजस्व को नुकसान होने के साथ प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण पर भी असर पड़ता है। ऐसे में सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित निगरानी जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!